योगी सरकार में की गयी ब्राह्मणों की उपेक्षा: मिश्र

योगी सरकार में की गयी ब्राह्मणों की उपेक्षा: मिश्र

प्रयागराज। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में ब्राह्मणों की उपेक्षा हुई है।

हंडिया तहसील स्थित सैदाबाद में सोमवार प्रबुद्ध वर्ग के सम्मान, सुरक्षा एवं तरक्की विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि भाजपा ब्राह्मणों के साथ अन्याय कर रही है। वर्ष 2007 से पहले ब्राह्मण जिस प्रकार से सताए गये, उससे नाराज ब्राह्मणों ने सत्ता को पलट दिया। बसपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनायी और इस बार भी पूर्ण बहुमत की सरकार होगी।

उन्हाेने कहा कि अब भाजपा ब्राह्मणों के पीछे है। उन्होंने ब्राह्मण समाज से एकजुटता की अपील करते हुए कहा कि यदि वे बिखरने और बंटने की बजाय एकजुट हो जाएं तो कोई उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। विश्वास है कि वह बसपा के साथ जुड़कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि बसपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। सर्वधर्म समभाव और समता मूलक समाज बनाने एवं बेहतर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चुनाव लडा जाएगा। राष्ट्रीय महासचिव ने दावा किया कि इस बार बसपा 2007 की तरह बहुमत की सरकार बनाने जा रही है, इसमें किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं है।

राष्ट्रीय महासचिव ने श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि अयोध्या में रामलला का मंदिर सर्वोच न्यायालय के आदेश पर बन रहा है। इसमें भाजपा सरकार का कोई योगदान नहीं है।

गौरतलब है कि 2007 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने शोसल इंजिनियरिंग की बदौलत प्रदेश में सरकार बनाई थी। इस बार भी बसपा उसी फामूले के तहत चुनावी बिगुल फूंका है। बसपा के ब्राह्मण सम्मेलन का आज चौथा दिन है। इसका शुभारम्भ 23 जुलाई को अयोध्या में हुआ था।

वार्ता

Next Story
epmty
epmty
Top