समय रहते सामने आयी BJP की चाल, चरित्र-चेहरा: अखिलेश

समय रहते सामने आयी BJP की चाल, चरित्र-चेहरा: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जनता की खुशकिस्मती है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चाल,चरित्र और चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने सोमवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश होने लगा है और जनता को प्रभावित करने के लिए तथाकथित योजनाओं का जनसामान्य पर अब कोई असर नहीं होने वाला है। 2022 से पहले समय रहते भाजपा का चरित्र, चाल और चेहरा सभी की पहचान में आ गया है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में कन्या विवाह योजना का बड़ा-बड़ा विज्ञापन छपवाया जाता है। अखबारों में खबरें और चित्र खूब छप जाती है लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आवेदन के बाद अनुदान के लिए गरीब माता-पिता तीन सालों से भटक रहे हैं। दफ्तरों में उलझी फाइल, कर्ज तले बिखर रहा गरीब का संसार। अकेले आगरा जिले में 600 से ज्यादा परिवारों का कन्या विवाह योजना का अनुदान रूका हुआ है। गरीब पर सरकारी मार भारी पड़ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था का भी भाजपा राज में बुरा हाल है। शिक्षकों की भर्ती लगातार विवाद का विषय रही है। इन दिनों शिक्षकों को स्कूल के भवन निर्माण, मिड-डे मील आदि की व्यवस्था से भी जोड़ दिया गया है। एक शिक्षक के पास 10-10 स्कूलों की जिम्मेदारी से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो रही है। कोरोना संकट में ढील के बाद खुले तमाम स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं। बहुत से स्कूलों में शिक्षक भी नहीं। बच्चों को पढ़ाई के बजाय सफाई के काम में लगा दिया जाता है।

उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के मिशन शक्ति को लांछित करने में खुद उनके मंत्रिमण्डलीय सहयोगी ही जुट गए हैं। मंच से महिला सुरक्षा और सम्मान के तमाम झूठे दावे किए जाते हैं और पीठ पीछे महिला के सम्मान को ही तार-तार किया जाता हैं। पिंक बूथ, महिला थाना भी किस काम के जब कोई पीडि़त महिला ही शिकायत करती है कि उसकी मदद के बजाय उसे अपमानित किया जाता है। पीडि़त महिला को और परेशानी में फंसा दिया जाता है।

वार्ता








epmty
epmty
Top