सपा मुखिया का ऐलान-नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव-सियासत हुई गर्म

सपा मुखिया का ऐलान-नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव-सियासत हुई गर्म

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि वह अगले साल उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन किए जाने की बात कहते हुए बताया है कि रालोद के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अभी उनकी बातचीत होना बाकी है।

सोमवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान करते हुए सभी को चौंका दिया है। उन्होंने कहा है कि वह अगले साल होने जा रहे विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। फिलहाल आजमगढ़ से सांसद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिये वोटों के बंटवारें को रोकने हेतु उनकी पार्टी छोटे दलों के साथ गठबंधन कर रही है। उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अभी बातचीत होना बाकी है। इससे पहले रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर युवा सोच को नहीं समझ पाने का तंज कसते हुए सपा मुखिया ने कहा था कि जो आज के युग में लैपटॉप और मोबाइल फोन नहीं चलाना जानते हैं वह युवाओं के हित की बात को किस प्रकार समझेंगे।

सपा मुखिया ने समाजवादी विजय रथ के दूसरे चरण की यात्रा का आगाज करते हुए कहा है कि युवा ही इस देश का भविष्य है और युवाओं के मन की बात को केवल युवा सोच रखने वाले लोग ही समझ सकते हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि अभी तक तो हम यह जानते थे कि हमारे मुख्यमंत्री लैपटॉप चलाना नहीं जानते हैं। लेकिन अभी एक अधिकारी ने बताया है कि वह मोबाइल फोन चलाना भी नहीं जानते हैं।



epmty
epmty
Top