विधानसभा के बाद अब लोकसभा में अपनी आवाज को बुलंद करेंगे चार विधायक

विधानसभा के बाद अब लोकसभा में अपनी आवाज को बुलंद करेंगे चार विधायक

पटना। बिहार विधानमंडल के निचले सदन विधानसभा में अपनी आवाज को बुंलद कर चुके चार राजनेता अब संसद के निचले सदन लोकसभा में भी अपनी आवाज को बुलंद करेंगे।

लोकसभा चुनाव रण 2024 में अलग-अलग राजनीतिक पार्टी ने 14 विधायकों को चुनावी रणभूमि में उतारा। इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया गठबंधन) के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने नौ विधायकों को चुनावी अखाड़े में उतारा।इसी तरह इंडिया गठबंधन में शामिल वामदल के दो विधायक भी सांसद बनने के लिये चुनावी रणभूमि में उतरे। वामदल में शामिल भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) ने दो विधायकों को चुनावी दंगल में उतारा था। वहीं इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने भी अपने एक विधायक को चुनावी दंगल में उतारा। कुल मिलाकर इंडिया गठबंधन से 12 विधायक चुनावी दंगल में उतरे।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और इमामगंज (सु) के विधायक जीतनराम मांझी ने भी गया संसदीय सीट से अपनी किस्मत आजमायी। किशनगंज सीट से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष और अमौर के विधायक अख्तरुल ईमान ने किशनगंज संसदीय सीट से अपनी तकदीर आजमायी है।इन सबके साथ विधान पार्षद और विधान परिषद के सभापति देवेशचंद्र ठाकुर ने जनता दल यूनाईटेड के टिकट पर सीतामढ़ी संसदीय सीट से चुनाव लड़ा।

राजद के टिकट पर चुनावी रणभूमि में उतरे विधायकों में गया सीट पर बोधगया (सु) के विधायक कुमार सर्वजीत पासवान, पूर्णिया से रूपौली की विधायक बीमा भारती, दरभंगा सीट से दरभंगा ग्रामीण के विधायक ललित यादव, उजियारपुर से उजियारपुर के विधायक आलोक कुमार मेहता ,बक्सर सीट से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र और रामगढ़ के विधायक सुधाकर सिंह, जहानाबाद से बेलागंज के विधायक और पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, सुपौल सीट से सिंहेश्वर विधानसभा के विधायक चंद्रहास चौपाल, सीवान से सीवान के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी और अररिया से पूर्व केंद्रीय गृहराज्य मंत्री तस्लीमुद्दीन के पुत्र और जोकीहाट के विधायक शाहनवाज आलम शामिल हैं। कांग्रेस के टिकट पर भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा ने भागलपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ा। वहीं भाकपा माले के टिकट पर तरारी विधानसभा से भाकपा माले के विधायक सुदामा प्रसाद आरा संसदीय सीट जबकि पालीगंज के भाकपा माले के विधायक नालंदा संसदीय सीट से चुनावी मैदान में उतरे।

विधायक से सांसद बनने की रेस में उतरे चार राजनेता सांसद बनें। पूर्व मुख्यमंत्री और इमामगंज (सु) के विधायक जीतन राम मांझी गया (सु) के सांसद बनें। रामगढ़ के विधायक सुधाकर सिंह, बक्सर संसदीय सीट, बेलागंज के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद यादव ,जहानबाद संसदीय क्षेत्र और तरारी के विधायक सुदामा प्रसाद आरा संसदीय सीट से सांसद बनें। इनमें सुरेन्द्र प्रसाद यादव को छोड़कर अन्य तीन जीतन राम मांझी, सुधाकर सिंह और सुदामा प्रसाद पहली बार सांसद बने हैं। इन सबके साथ ही विधान पार्षद और विधान परिषद के सभापति देवेशचंद्र ठाकुर सीतामढ़ी संसदीय सीट के सांसद बनें।

Next Story
epmty
epmty
Top