मकान में हुआ विस्फोट-छत गिरने से महिला की मौत-तीन घायल

मकान में हुआ विस्फोट-छत गिरने से महिला की मौत-तीन घायल

शामली। अचानक से हुए जोरदार धमाके की दहल से मकान की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। जिसके मलबे के नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई है। इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। माना जा रहा है कि मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए जाने और उन्हें संग्रह किए जाने की वजह से मकान में विस्फोट हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घनी आबादी के बीच हुए जबरदस्त विस्फोट के बाद आसपास के लोग बुरी तरह से सहम गए हैं।

बुधवार को नगर के काजीवाड़ा मौहल्ले में जब लोगों की आवाजाही चल रही थी तो शौकत के मकान में जोरदार धमाका हुआ। जिसकी आवाज को सुनकर आसपास के लोगों के दिल दहल गए। विस्फोट की कंपन से मकान की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। छत से गिरे मलबे के नीचे दबकर शौकत की पुत्रवधू खुशनुमा पत्नी मुनव्वर समेत 3 लोग घायल हो गए हैं। धमाके की आवाज को सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों की सहायता से परिजनों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालकर आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल ले जाई गई खुशनुमा को चिकित्सकों ने जांच पड़ताल के बाद मृत घोषित कर दिया। नगर के मौहल्ला काजीवाड़ा स्थित शौकत के मकान में धमाका होने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। बताया जा रहा है कि विस्फोट मकान में रखे पटाखों में आग लगने की वजह से हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच पड़ताल करते हुए विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Next Story
epmty
epmty
Top