नौकरी से निकाला तो 7 कर्मचारियों ने कर लिया जहर खाकर मरने का बंदोबस्त

नौकरी से निकाला तो 7 कर्मचारियों ने कर लिया जहर खाकर मरने का बंदोबस्त

नई दिल्ली। निरंतर काम करने के बाद कई महीने तक सैलरी नहीं देने के बावजूद जब कंपनी ने 7 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया तो सामूहिक रूप से सातों कर्मचारियों ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे अन्य कर्मचारी बेहोशी की हालत में सातों कर्मचारियों को उठाकर अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के बाद सातों कर्मचारियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने सामूहिक आत्मदाह के प्रयास के मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों के सामूहिक आत्महत्या के प्रयास के बाद कंपनी के दोनों मालिक भूमिगत हो गए हैं।

बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के औद्योगिक शहर इंदौर में नौकरी से निकाले जाने के बाद 7 कर्मचारियों द्वारा जहर खाकर आत्महत्या किए जाने के प्रयास के मामले से चारों तरफ हड़कंप मच गया। इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में स्थित अजमेरा वायर प्रोडक्ट में काम करने वाले इन सातों कर्मचारियों को मालिकों ने फैक्ट्री में काम नहीं होने की बात कहकर पिछले कई महीनों से उनकी सैलरी भी नहीं दी थी और बुधवार को सातों कर्मचारियों को सैलरी दिये बगैर ही नौकरी से निकाल दिया।

बृहस्पतिवार की सवेरे सातों कर्मचारी रोजाना की तरह फैक्टरी पहुंचे और मालिकों से बात करने की जिद करने लगे। लेकिन मालिकों ने बाहर किए गए कर्मचारियों से मिलने से इंकार कर दिया। एक तो पिछले कई महीनों से सैलरी नहीं मिली और ऊपर से नौकरी से निकाल दिये जाने से आहत हुए सातों कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से जहर खा लिया।

फैक्ट्री परिसर में जहर के सेवन से सातों कर्मचारियों की जब हालत बिगड़ने लगी तो फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी जमुनाधर विश्वकर्मा, दीपक सिंह, राजेश मेमीयोरिया, देवीलाल, रवि, जीतेंद्र और शेखर वर्मा को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने सातों को भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल में भर्ती सातों कर्मचारियों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस वारदात के बाद कंपनी के दोनों मालिक रवि बाफना और और पुनीत अजमेरा अपने दफ्तर और घर तथा अन्य किसी संभावित ठिकाने पर पुलिस को खोजबीन के बावजूद हाथ नहीं लग पाये है। पुलिस ने इस संबंध में अपनी जांच पड़ताल शुरू कर रखी है।

epmty
epmty
Top