दूल्हा दुल्हन के साथ खाना खाने पर बवाल- बट से पीट-पीटकर बुजुर्ग..

मथुरा। धूमधाम के साथ हुई चढत के बाद जब बारातियों से अलग दूल्हा दुल्हन खाना खाने के लिए टेबल पर बैठे तो उनके साथ बैठकर अन्य के खाना खाने पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से किए गए बवाल में लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के पक्ष के बुजुर्ग की बंदूक की बट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या की इस वारदात से शादी समारोह में अफरा तफरी और कोहराम मच गया। घटना के बाद लड़की पक्ष के हत्यारोपी फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मथुरा के हरनौल रोड के तुलसी फार्म में टेडी गांव के रहने वाले संजय की बेटी खुशबू और अंशु उर्फ गीता का शादी समारोह आयोजित किया गया था। खुशबू की शादी गांव शल्ल के रहने वाले राहुल और नीता की शादी मनमोहन सिंह के साथ होनी थी।
जयमाला का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब दूल्हा राहुल और दुल्हन खुशबू टेबल पर बैठकर खाना खा रहे थे, उसी दौरान राहुल का दोस्त हिमांशु भी उनके साथ बैठकर खाना खाने लगा। लड़की पक्ष के लोगों ने हिमांशु के दूल्हा दुल्हन के साथ खाना खाने पर एतराज किया और उसे खींचकर खाने से उठा दिया। हिमांशु की लड़के पक्ष के लोगों के साथ कहा सुनी हो गई। कुछ ही देर में लड़की पक्ष के लोग हिमांशु को लात घूंसो से पीटने लगे। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे के आमने सामने आ गए। हिमांशु के साथ मारपीट होते देख उसके चाचा के बेटे निर्दोष ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाने के प्रयास शुरू किए।
लेकिन लड़की पक्ष के लोग नहीं रुके और हिमांशु के साथ उन्होंने निर्दोष की भी पिटाई शुरू कर दी। हिमांशु के पिता सत्यदेव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर लड़की पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस पर लड़की पक्ष के लोगों ने हिमांशु एवं निर्दोष को तो छोड़ दिया और बंदूक की बट से सत्यदेव शर्मा की पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोशी की हालत में पहुंच गया। तुरंत सत्यदेव शर्मा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार हुए लड़की पक्ष के हत्यारोपी की तलाश कर रही है।