हेड कांस्टेबल एवं उसकी पत्नी को मारी गोली- बदमाश लूटकर ले गए..

नई दिल्ली। पूरी तरह से बेखौफ हुए बदमाशों ने दिल्ली पुलिस के 35 वर्षीय हेड कांस्टेबल एवं उसकी पत्नी को गोली मार दी और मौके से पुलिसकर्मी का मोबाइल एवं नगदी छीनकर भाग गए। गंभीर हालत के चलते पति पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजधानी दिल्ली के उतरी इलाके में बुराड़ी थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के 35 वर्षीय हेड कांस्टेबल एवं उसकी पत्नी को कुछ अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। पुलिस के हेड कांस्टेबल और उसकी पत्नी को गोली मारने की घटना से इलाके में दहशत पसर गई और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे दिल्ली पुलिस के अफसरों ने घटनास्थल की जांच पड़ताल करने के साथ हेड कांस्टेबल एवं उसकी पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हेड कांस्टेबल के पेट में चोट लगी है जबकि उसकी पत्नी के चेहरे पर भी चोटे आई हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया है कि फिलहाल हेड कांस्टेबल एवं उसकी पत्नी की हालत खतरे से बाहर है। हेड कांस्टेबल और उसकी पत्नी को गोला मारने के आरोपी बदमाश कथित तौर पर पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन एवं तकरीबन 4000 रुपए की नगदी छीन कर फरार हुए हैं।