हिंदुओं को ईसाई बनाने का खेल- पादरी के खाते में आए 30 लाख

गाजियाबाद। गरीब हिंदुओं की आर्थिक मदद करने का झांसा देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने वाले गैंग का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने पादरी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। जिनके खाते में अमेरिका से तकरीबन 30 लाख रुपए आए थे। गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर में पादरी और उसकी पत्नी द्वारा चलाए जा रहे हिंदुओं के धर्म परिवर्तन के खेल का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पादरी महेंद्र और उसकी पत्नी सीमा को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव के रहने वाले आशीष ने गांव की ही रहने वाली कुसुम और उसके बेटे रोहित के खिलाफ धर्मांतरण कराने का मुकदमा मोदीनगर थाने में दर्ज कराया था। इस मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने मूल रूप से हापुड़ जनपद के गांव पीरनगर सूदना के रहने वाले पादरी महेंद्र तथा उसकी पत्नी सीमा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई जांच में खुलासा हुआ कि पादरी महेंद्र अपनी पत्नी के साथ मिलकर बैथहलम गोस्पल ट्रस्ट चलाते हैं। इसी ट्रस्ट की आड़ में पहले वह गरीब हिंदुओं की आर्थिक मदद करते हैं और उन्हें प्रार्थना के नाम पर इकट्ठा करने के बाद धीरे-धीरे उनका धर्म परिवर्तन कराते हुए उन्हें ईसाई बना देते हैं।

गाजियाबाद पुलिस ने अभी तक पादरी महेंद्र और ट्रस्ट के 5 खाते ट्रेस किए हैं जिनमें पता चला है कि वर्ष 2019 के सितंबर महीने से अभी तक इन पांचों बैंक खातों में अमेरिका से तकरीबन 30 लाख रुपए की भारी-भरकम धनराशि आई है। इसके अलावा पंजाब समेत कई अन्य राज्यों से भी इन बैंक खातों में पैसा आ रहा है। पुलिस अब उनकी हिस्ट्री निकालने में जुटी हुई है, जिन जिन लोगों ने पादरी के अकाउंट में पैसे भेजे हैं।