असामाजिक तत्वों की करतूत- खंडित की मूर्ति-लोगों ने लगाया जाम

असामाजिक तत्वों की करतूत- खंडित की मूर्ति-लोगों ने लगाया जाम

मेरठ। असामाजिक तत्वों ने देर रात प्राचीन मनसा देवी मंदिर को अपना निशाना बनाते हुए अंदर रखी भगवान की कई मूर्तियों को खंडित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में भारी रोष उत्पन्न हो गया। बृहस्पतिवार की सवेरे हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ सैकड़ों ग्रामीणों ने यातायात अवरुद्ध करते हुए सड़क पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने 7 दिन के भीतर घटना के खुलासे का आश्वासन देते हुए प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत किया।

जनपद के जैनपुर और पेपला गांव के बीच जंगल में प्राचीन मनसा देवी का मंदिर बना है। मंदिर के पुजारी गुलाबदास के अनुसार देर रात को वह मंदिर परिसर में बने अपने कमरे में सो रहा था। बृहस्पतिवार की सवेरे जागने पर पुजारी गुलाबदास ने मंदिर में रखी भगवान की सभी प्रतिमाएं जब खंडित देखी तो उसके होश उड़ गए। मंदिर में मूर्तियां खंडित किये जाने की बात गांव से होते हुए थोडी ही देर में समूचे इलाके में फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में भारी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। इसके बाद हिंदूवादी संगठन से जुड़े मनजीत सिंह और अन्य कई कार्यकर्ता भी मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सड़क मार्ग को बाधित करते हुए जाम लगा दिया और हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद सीओ सरधना आरपी शाही अपने साथ कई थानों की पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने असामाजिक तत्वों पर मूर्तियों को खंडित करने का आरोप लगाते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी। सीओ सरधना ने 7 दिन के भीतर घटना के खुलासे का आश्वासन देते हुए प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत किया।







epmty
epmty
Top