नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर फरार हुआ रेपिस्ट फौजी 24 घंटे में अरेस्ट

मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना रतनपुरी के गांव रियावली में पॉपुलर के जंगल में नाबालिक किशोरी के साथ दुष्कर्म करके फरार हुए रेपिस्ट फौजी को थाना रतनपुरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करते हुए पीड़ित परिवार को बड़ी राहत पहुंचाई है।
शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत जनपद की थाना रतनपुरी पुलिस ने एसपी देहात आदित्य बंसल के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह एवं थाना अध्यक्ष अक्षय शर्मा के कुशल नेतृत्व में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 24 घंटे के भीतर जमौया कट से गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम के मुताबिक दुष्कर्म का शिकार हुई लड़की ने थाना रतनपुरी पर तहरीर देते हुए बीते दिन बताया था कि वह अपने घर के सामने पशुओं को चारा कर रही थी, उसी समय गांव रियावली नंगला थाना रतनपुरी का रहने वाला आरिफ उर्फ फौजी पुत्र उम्मेद मौके पर पहुंचा और उसका हाथ पकड़ कर जबरदस्ती पॉपुलर के जंगल में ले गया। जहां डरा धमका कर उसने किशोरी के साथ बलात्कार किया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी।
शनिवार को थाना रतनपुरी पुलिस के उप निरीक्षक मानवेंद्र सिंह भाटी और हेड कांस्टेबल जयवीर सिंह ने जमौया कट के पास मुखबिर की सूचना पर दबिश देते हुए आरोपी आरिफ उर्फ फौजी पुत्र उम्मेद को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित परिवार ने दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्यशैली पर संतोष जताते हुए उसकी त्वरित कार्य प्रणाली की प्रशंसा की है।