पुलिस की गड़रिया गैंग से मुठभेड़- घायल समेत तीन गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश पर कुख्यात बदमाशों के खिलाफ अभियान चला रही शाहपुर थाना पुलिस की विनोद गडरिया गैंग के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। पुलिस ने उसके दो साथियों को कांबिंग के दौरान अरेस्ट कर लिया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चोरी किया गया एक ट्रैक्टर, तीन तमंचे तथा आधा दर्जन कारतूस बरामद किए हैं।
शनिवार को एसपी देहात आदित्य बंसल की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि जनपद के फुगाना थाना क्षेत्र के जोगिया खेड़ा गांव में 7 एवं 8 मार्च की रात को बदमाशों द्वारा किसान का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया गया था। शिकायत के बाद फुगाना थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू करते हुए बदमाशों की तलाश में दौड़ धूप शुरू कर दी थी।
इसी बीच शुक्रवार की रात जनपद की थाना शाहपुर पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि विनोद गडरिया गैंग के कुछ बदमाश नहर पुलिया के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही इलाके की घेराबंदी करते हुए बदमाशों की धरपकड़ की कोशिश की, वैसे ही बदमाशों ने पुलिस को देखते ही गोलियां चलानी शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की।
किसी तरह बाल-बाल बची पुलिस ने जब जवाबी कार्यवाही में सूक्ष्म फायरिंग की तो पुलिस की गोली लगने से अरविंद पुत्र रमेश घायल हो गया लहू लुहान हुए अरविंद को दबोचने के बाद पुलिस ने इलाके में कांबिंग ऑपरेशन चलाते हुए विपिन पुत्र विनोद तथा बाजू पुत्र सोमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल हुए बदमाश अरविंद को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी किया गया ट्रैक्टर, तीन तमंचे और 6 कारतूस बरामद किए है।
एसपी देहात ने बताया है कि घायल हुए बदमाश अरविंद के खिलाफ लूट, चोरी और डकैती के तकरीबन आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज है। विनोद गडरिया गैंग का सक्रिय सदस्य अरविंद इलाके में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। तीनों आरोपी शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसौली के रहने वाले हैं।