दुष्कर्म का आरोपी नैनीताल दुग्ध संघ का अध्यक्ष मुकेश गिरफ्तार

दुष्कर्म का आरोपी नैनीताल दुग्ध संघ का अध्यक्ष मुकेश गिरफ्तार

नैनीताल। यौन शोषण के आरोपी उत्तराखंड के नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को नैनीताल पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फरार था और अभियोग दर्ज होने के 25 दिन बाद गिरफ्तार किया गया।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीएन मीणा ने हल्द्वानी में आज मीडिया के सामने इसका खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की पांच टीमें आरोपी की तलाश में लगी थीं। आरोपी को उप्र के रामपुर से गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी पर लालकुआं दुग्ध संघ में आउटसोर्स पर काम करने वाली एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसको सेवा में नियमित कराने के नाम पर उसका यौन शोषण किया गया।गत एक सितंबर को आरोपी के खिलाफ लालकुआं थाना में अभियोग दर्ज किया गया।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2021 में काठगोदाम के एक होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी आरोपी ने छेड़खानी की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो की धाराओं को भी जोड़ दिया। तत्पश्चात् वह फरार हो गया। अदालत ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी कर दिया।

साथ ही पुलिस ने आरोपी की संपत्ति भी कुर्क कर दी थी। उच्च न्यायालय से भी आरोपी को राहत नहीं मिल पायी। अदालत ने आरोपी की अग्रिम जमानत के साथ ही दर्ज मुकदमें को खारिज करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी के पास गिरफ्तारी के अलावा कोई विकल्प नहीं रह गया था। पुलिस का दावा है कि उसे चाकू चौक से गिरफ्तार किया गया।

Next Story
epmty
epmty
Top