पोता पोती खिलाने की उम्र में खिलाए गुल- 28 साल की लड़की से रचाई शादी

पोता पोती खिलाने की उम्र में खिलाए गुल- 28 साल की लड़की से रचाई शादी

भदोही। पोता पोती खिलाने की उम्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग ने गुल खिलाते हुए 28 वर्षीय विवाहिता के साथ नैन मटक्का कर लिया। विवाहिता को लेकर फरार हुए बुजुर्ग और उसकी प्रेमिका को पुलिस खोजबीन कर थाने ले आई। जहां 28 वर्षीय प्रेमिका उसके साथ शादी करने की जिद पर अड़ी रही। मरता क्या नहीं करता की तर्ज पर पुलिस ने थाने के भीतर दोनों के हाथ पीले कराते हुए शादी करा दी।

बुधवार को कोईरोना थाना पुलिस ने बताया है कि गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले 60 वर्षीय बिरहा गायक सुदई राम यादव का प्रेम प्रसंग कोईरोना इलाके के मझगवां निविहा की रहने वाली 28 वर्षीय विवाहिता अशर्फी देवी के साथ चल रहा था। इसी बीच मौका पाकर सुदई राम यादव एवं विवाहिता अशर्फी देवी घर से फरार हो गए। विवाहिता के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने अशर्फी देवी को उसके 60 वर्षीय प्रेमी के साथ बरामद कर लिया और दोनों को लेकर थाने आ गईं।

थाने पहुंची अशर्फी देवी ने बिरहा गायक सुदई राम यादव के साथ रहने की जिद करते हुए पुलिस के सामने बुरी तरह से हंगामा काट दिया। हालांकि थाने में अशर्फी देवी का पति और उसके परिवार के लोगों के अलावा गांव के अन्य लोग भी मौजूद रहे। लेकिन वह बिरहा गायक से अलग रहने को तैयार नहीं हुई। इसी बीच सुदई राम यादव का बेटा, उसकी पत्नी, बहू और पोता पोती भी थाने पहुंच गए। दोनों ओर से परिजनों द्वारा प्रेम प्रसंग में पड़े सुदई राम और अशर्फी को अलग-अलग कर काफी समझाया गया। लेकिन दोनों अलग होने पर राजी नहीं हुए। बाद में थक हार कर थाने के भीतर मौजूद मंदिर में दोनों की शादी कराई गई।

Next Story
epmty
epmty
Top