भरे बाजार दौड़ाई फुल स्पीड बाइक- उठा दिये पहिए- अब ढूंढ रही पुलिस

मेरठ। महानगर के व्यस्ततम बाजार में फुल स्पीड पर सड़क पर बाइक दौड़ाते हुए युवकों द्वारा जानलेवा करतब दिखाते हुए स्टंट किए गए। बेखौफ अंदाज में स्टंट करने वाले लड़कों ने भरे बाजार फुल स्पीड पर बाइक दौड़ाई। इस जानलेवा स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अब इन बेखौफ लड़कों की खोजबीन शुरू कर दी है।
दरअसल शनिवार को सोशल मीडिया पर जानलेवा स्टंट का एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र का होना बताए जा रहे इस वीडियो में चार बेखौफ लड़के दो बाइक पर सवार होकर सड़क पर फुल स्पीड से भरे बाजार अपनी बाइक को दौडाते हुए स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
महानगर के फैज-ए-आम डिग्री कॉलेज के बाहर से होते हुए दिल्ली रोड की तरफ बाइक दौड़ा रहे लड़के जानलेवा स्टंट दिखाते हुए राह चलते लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। बेखौफ अंदाज में यह लड़के अपनी बाइक को कभी पीछे से स्प्लिट करते हैं तो कभी आगे से उसे ऊपर उठा देते हैं। दोनों बाइक पर बैठे लड़कों में एक दूसरे से बढ़-चढ़कर स्टंट करने की होड दिखाई दे रही है। वीडियो में युवको की सारी स्टंट बाजी किसी ने कैद कर ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले को लेकर आईपीएस विवेक चंद्र यादव का कहना है कि पुलिस को स्टंट बाजी का एक वीडियो मिला है, जिसके आधार पर स्टंटबाज लड़कों की तलाश की जा रही है। नियमानुसार इस मामले में पुलिस द्वारा एक्शन लिया जाएगा।