बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग- कांस्टेबल की मौत- बदमाश भागे

बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग- कांस्टेबल की मौत- बदमाश भागे

नई दिल्ली। गस्त करने के लिए निकली पुलिस की 4 सदस्यीय टीम पर बदमाशों ने टोका टाकी किए जाने पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली की चपेट में आकर एक कांस्टेबल की मौत हो गई है। गोली चलने की आवाज सुनकर खिड़की से झांक रहे एक ग्रामीण को भी बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली जाकर लगी। जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश भाग निकले। पुलिस दल के ऊपर फायरिंग किए जाने और उसकी चपेट में एक कांस्टेबल की मौत हो जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारी तुरंत अतिरिक्त फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में भागदौड़ की, लेकिन गोली चला कर भागे बदमाशों का पता नहीं चल सका।

बिहार के सिवान में सिसवन पुलिस स्टेशन की चार सदस्यीय टीम रात्रि गस्त करने के लिए निकली थी। आधी रात के बाद तडके तकरीबन 3.00 बजे ग्यासपुर गांव के पास सड़क किनारे पड़ी चारपाई पर तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस की टीम ने जब बदमाशों का पीछा करना शुरू किया तो उन्होंने पुलिस दल के ऊपर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली की चपेट में आकर 39 वर्षीय सिपाही बाल्मीकि यादव घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल हुए सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान बदमाशों द्वारा चलाई जा रही गोलियों की आवाज को सुनकर जब 55 वर्षीय सेराजुद्दीन खान अपनी खिड़की से बाहर की तरफ झांक कर देखने लगे तो बदमाशों की ओर से की जा रही फायरिंग में एक गोली उसे भी जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

रात के सन्नाटे में गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के गांव के लोगों में दहशत पसर गई। मामले की जानकारी जब जिला मुख्यालय पर पहुंची तो पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारी अतिरिक्त फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और सिपाही एवं ग्रामीण को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया।। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किए गए ग्रामीण की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Next Story
epmty
epmty
Top