भीम आर्मी चीफ की बयानबाजी से थे नाराज- अचानक बना प्लान कर दी फायरिंग

भीम आर्मी चीफ की बयानबाजी से थे नाराज- अचानक बना प्लान कर दी फायरिंग

सहारनपुर। भीम आर्मी चीफ एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद डीआईजी सहारनपुर ने घटना के पीछे छिपे रहस्य का आज खुलासा कर दिया है। अंबाला से गिरफ्तार किए गए चारों हमलावर भीम आर्मी चीफ की बयानबाजी से नाराज थे, जिसके चलते कार्यक्रम से निकलते ही हमलावरों द्वारा चंद्रशेखर पर फायरिंग की गई थी।

रविवार को डीआईजी सहारनपुर अजय कुमार साहनी ने मंडल मुख्यालय पर बुलाई गई प्रेस वार्ता में बुधवार को भीम आर्मी चीफ एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के ऊपर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे छिपे रहस्य का खुलासा कर दिया है।


डीआईजी ने बताया कि सरेंडर करने से पहले ही अंबाला से गिरफ्तार किए गए लविश, विकास, प्रशांत एवं विकास में पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बताया है कि वह भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद की ओर से समय-समय पर की जाने वाली बयानबाजी से नाराज थे। इसलिए उन्होंने घटना वाले दिन ही चंद्रशेखर के ऊपर हमला करने का प्लान बनाया और उसी दिन देवबंद पहुंचकर चंद्रशेखर की रेकी की। जैसे ही वह पार्टी कार्यकर्ता की मां के निधन पर परिजनों को सांत्वना देने के बाद अपने घर की तरफ चले वैसे ही उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की गाड़ी को ओवरटेक करने के दौरान फायरिंग कर दी।

डीआईजी ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद पर हमला करने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 5 टीमों का गठन किया गया था, जिसके चलते मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को अंबाला में दबिश देते हुए सरेंडर से पहले ही एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में लविश, विकास और प्रशांत जनपद सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव रणखंडी के रहने वाले हैं जबकि चौथा आरोपी विकास हरियाणा के करनाल में रहता है।

epmty
epmty
Top