योगी जी, बेटी को जन्म दिया है- अब करनी पड़ेगी आत्महत्या

योगी जी, बेटी को जन्म दिया है- अब करनी पड़ेगी आत्महत्या

संभल। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। उक्त वीडियो में पीड़िता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कह रही है कि योगी जी, बेटी को जन्म दिया है, इसलिए ससुरालिये खिलाफ हैं। ससुरालियों ने घर से निकाल दिया है। दुःख में पिता की हृदयाघात से मौत हो चुकी है। मां के पास रुपये नहीं हैं, जो हम अपना जीवन चला सकें। हमारी मदद करो योगी जी, वरना हमें आत्महत्या करने को मजबूर होना पड़ेगा।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। उक्त वीडियो में पीड़ित महिला ने अपना नाम नेहा नाज बताया हैं। उसने बताया कि वह संभल की निवासी है। उसकी शादी को छह वर्ष हो गये हैं। शादी के एक वर्ष बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी को जन्म देने पर उसका पति शाहनवाज अख्तर व ससुरालिये पूरी तरह से उससे नाराज हैं। उसके बाद उसका दो बार गर्भपात कराया जा चुका है। 15 माह पूर्व पति ने उसे घर से निकाल दिया था। तब से वह मायके में रह रही है। इसके बाद पति ने उससे 10 लाख रुपये की मांग की। इसका पता जब उसके पिता को लगा, तो उनके हार्ट अटैक आ गया और 9 माह पूर्व उनकी मृत्यु हो गई। उसकी मां का आय का कोई साधन नहीं है। जैसे-तैसे वे अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। नेहा नाज ने कहा कि अब उनके सामने आत्महत्या करने के अलावा और कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व संभल के जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि वे उसकी मदद करें। उसने बताया कि उसका पति शाहनवाज अख्तर व जेठ वसीम अख्तर रसूखदार आदमी हैं। नेहा नाज ने मुख्यमंत्री से कहा कि यदि उसकी मदद नहीं की गई, तो उसके पास जिंदगी समाप्त करने के अलावा और कोई साधन नहीं बचेगा।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संभल चक्रेश मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उक्त मामले को संज्ञान में ले लिया गया है। बेटी होने के कारण ससुरालियों द्वारा महिला की प्रताड़ना की गई है। पति-पत्नी लगभग एक साल से अलग रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि पति व ससुरालियों के विरूद्ध चंदौसी थाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। महिला को अब कोई खतरा नहीं है। मौके पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

गौरतलब है कि अभी कुछ ही दिन पूर्व आयशा नामक महिला ने अपनी मौत से पहले अपने पति द्वारा किये गये उत्पीड़न की कहानी को सोशल मीडिया पर वायरल किया था और उसके बाद साबरमती नदी में कूद अपने जीवन को हमेशा-हमेशा के लिए समाप्त कर लिया था। इसी तरह अब एक और आयशा का सच सामने आया है। हालांकि, यहां पुलिस के संज्ञान में मामला आ चुका है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

Next Story
epmty
epmty
Top