शौर्यः राफेल से उड़ान भरेंगी पहली महिला फाईटर पायलट

नई दिल्ली। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का डंका हर क्षेत्र में बजाकर दिखा दिया है कि वे किसी भी सूरत में पुरूषों से कम नहीं हैं। विज्ञान का क्षेत्र हो या फिर राजनीति का गुणा-भाग, शिक्षा का क्षेत्र हो या फिर सैन्य पराक्रम, प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं ने अपना परचम लहराकर प्रतिभा का जौहर दिखाया है। इसी क्रम में गणतंत्र दिवस पर एक और सुनहरा अध्याय जोड़ रही हैं फ्लाइट लेफ्टिनेंट भावना कंठ। वे भारत की पहली महिला हैं, जिन्होंने फाइटर जेट में कॉम्बैट मिशन के लिए क्वालीफाई किया है। वे रिपब्लिक डे फ्लाई पास्ट में भाग लेने वाली पहली महिला फाइटर पायलट होंगी।

26 जनवरी गणतंत्र दिवस का दिन भारत के स्वर्णिम पृष्ठों पर अंकित है। 26 जनवरी की तैयारियां भी धूमधाम से चल रही हैं। इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर महिला शौर्य का एक ओर अध्याय जुड़ने वाला है। इस बार परेड में वायुसेना की महिला फाईटर पाॅयलट प्रतिभाग कर रही हैं। गणतंत्र दिवस पर मेक इन इंडिया थीम पर एक झांकी प्रदर्शित की जायेगी। इसमें रडार, आकाश मिसाईल के माॅडल्स को प्रदर्शित किया जायेगा। वहीं फ्लाइट लेफ्टिनेंट भावना कंठ परेड में शामिल होंगी। बताया जा रहा है कि वे राजपथ के ऊपर जेट रफाल से उड़ान भरेंगी। इस साल समारोह में 42 एयर क्राफ्ट फ्लाईपास्ट करेंगे।
गौरतलब है कि विगत वर्ष 2020 में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इंडियन एयरफोर्स की महिला पायलट भावना कंठ को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया था।