गुंडागर्दी के विरोध में सफाई कर्मचारी संघ ने किया प्रदर्शन, दिया ज्ञापन

सहारनपुर। नगर निगम में एक यूनियन द्वारा की जा रही गुंडागर्दी, धांधली के विरोध में उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ ने प्रदर्शन करते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विगत दिवस उक्त यूनियन द्वारा महिला लिपिक व संघ के जिलाध्यक्ष पर भी हमला किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भी अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार विगत दिवस सहारनपुर नगर निगम में महिला लिपिक व एक अन्य के साथ हुई मारपीट के विरोध में उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ द्वारा प्रदर्शन करते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया गया। संघ का आरोप है कि दूसरी यूनियन कर्मचारियों को गुमराह कर उनका शोषण कर रही है। निगम के कर्मचारियों पर भी उक्त यूनियन द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। संघ ने कहा कि विगत दिवस मारपीट करने वालों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज हो चुका है, बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सफाई कर्मचारी संघ ने नगर आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह को ज्ञापन देते हुए बताया कि अन्य यूनियन का एक व्यक्ति सफाई कर्मचारियों को बहला-फुसलाकर गुमराह कर रहा है। कर्मियों को गुमराह कर वेतन बढ़ोत्तरी का लालच देकर आरोपी धरना-प्रदर्शन आदि कराता है। कार्य को सुचारू रूप से नहीं चलने दिया जा रहा है। वह खुलेआम सफाई कर्मियों के भोलेपन का गलत फायदा उठा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में सफाई कर्मचारी संघ द्वारा प्रस्तावित 70 वार्ड 70 सुपरवाइजर को पास कर दिया गया है, लेकिन उक्त आरोपी नगर निगम के बाबू, अधिकारियों को डरा धमका कर उक्त कार्य को भी सही तरीके से पास नहीं होने दे रहा है। विगत दिवस आरोपी ने महिला लिपिक के साथ अभद्रता की। जब उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वहां पहुंचे, तो उन्होंने अभद्रता करने का विरोध किया। इस पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिलाध्यक्ष राहुल को मारने की धमकी दी और गाली-गलौच करते हुए उन पर हमला कर दिया।
महिला लिपिक पर भी हमले का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी व मनमानी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपियों के विरूद्ध विगत दिवस ही मुकदमा दर्ज करा दिया गया था, बावजूद इसके अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, इससे संघ आक्रोषित है। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के मंडल अध्यक्ष अन्नू बिड़ला ने बताया कि पीड़ित महिला लिपिक पर अब फैसला करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने नगर आयुक्त से उक्त यूनियन को निरस्त कर नए यूनियन का गठन किये जाने की मांग की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अन्नू बिड़ला, जिलाध्यक्ष राहुल बहोत, गौरव चैहान, विशाल, सावन, राजकुमार, विक्की, बबलू, सुरेश चंद, मुरारी लाल, जगदीश, डेविड ढिंगिया आदि मौजूद रहे।
