मेयर व नगरायुक्त ने किया सीवर लाईन कार्य का किया शिलान्यास

सहारनपुर। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत एबीडी एरिया के 21 वार्डो में 152 किलोमीटर लंबी नयी सीवर लाईन बिछाने व पुरानी सीवर लाईन की मरम्मत के काम की मेयर व नगरायुक्त ने आधारशिला रखी।
मंगलवार को शहर के जीपीओ रोड पर कार्यदायी संस्था उ.प्र. जल निगम द्वारा आयोजित किये गये कार्यक्रम में मेयर संजीव वालिया व नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत जोन-3 व जोन-4 के एबीडी एरिया में सीवरेज योजना का शिलान्यास किया। महापौर संजय वालिया ने पत्रकारों से वार्ता करते बताया कि इस सीवर लाईन प्रोजेक्ट से महानगर में सीवर संबंधी समस्या का समाधान करने में मदद मिलेगी। इस कार्य पर 91.14 करोड़ व्यय आयेगा और इससे करीब सवा दो लाख की आबादी लाभान्वित होगी।
जल निगम के अधिकारियों ने बताया है कि नई योजना के तहत 44 हजार घरों में नये सीवरेज कनेक्शन दिए जायेंगे और महानगर के एबीडी एरिया के 21 वार्डो की करीब सवा दो लाख की आबादी इससे लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि शहर में स्मार्ट सिटी की योजना पर काम होना शुरु हो गया है। जैसे-जैसे ये परियोजनाएं पूरी होती जायेगी, वैसे-वैसे शहर की समस्याओं का समाधान होता चला जायेगा और सहारनपुर सुविधाओं वाला शहर बन जायेगा। इस मौके पर पार्षद पुनीत चैहान, आशुतोष सहगल, संजय गर्ग, पार्षद मुकेश गक्खड़, पार्षद मानसिंह जैन, मनोज जैन, दिग्विजय सिंह, नेपालसिंह व पार्षद प्रतिनिधि नितिन सिंघल तथा जल निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।