बाढ़ विभीषिका - उफनाई गंगा ने तोड़ा 2019 का रिकार्ड

बाढ़ विभीषिका - उफनाई गंगा ने तोड़ा 2019 का रिकार्ड

प्रयागराज। तीर्थराज प्रयाग में गंगा और यमुना के उफान से मची तबाही ने वर्ष 2019 का रिकार्ड 85.79 मीटर को तोड़ दिया।

गंगा और यमुना पिछले तीन दिनों से खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और कछार में बाढ़ से तबाही मची है। गंगा तीन साल पुराने जलस्तर 85.79 मीटर के रिकार्ड को तोड़कर 86.03 मीटर पर बह रही हैं। इसी के साथ यमुना का जलस्तर भी खतरे के निशन से एक मीटर ऊपर है। दोनो नदियों के उफान से जहां पीड़ितों की जिंदगी बेहाल है वहीं दूसरी तरफ तमाम युवक शास्त्री पुल से छलांग लगाकर अपनी कला का कौशल दिखाने से बाज नहीं आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कुछ युवको के शास्त्री पुल की रेलिंग से गंगा में छलांग लगाने का वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने उसे संज्ञान में लिया। दारागंज थाना प्रभारी जे पी शाही ने बताया कि झूंसी की तरफ कुछ युवाओं के यमुना में कूदने की खबर थी। सुरक्षा के मद्देनजर दो शिफ्टों में सिपाहियों की 12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होने बताया कि पूरे संगम क्षेत्र में नागवासुकी, बक्शीबांध समेत सभी प्वांइट पर करीब 50 पुलिसकर्मियों की ड़यूटी लगायी गयी है।

प्रयागराज में दारागंज- नागवासुकि मार्ग के अलावा कछार की जिन सड़कों पर एक सप्ताह पहले वाहन दौड़ रहे थे, वहां अब दो नादियों के जलप्लवन के रौद्र रूप से लोगों को केवल नाव का सहारा है। एनडीआरएफ के जवान मोटरवोट से बाढ़ पीड़ित लोगों को शिविरों में पहुंचा रहे हैं। गंगा और यमुना के तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ से लोगों की जिंदगी हलाकान हो गयी है। नगर में बनाए गयेे शिविरों में तीन हजार से अधिक पीड़ितों को पहुंचाया गया है। दंडी सन्यासी आरम जलमग्न हो गया है। नैनी, झूंसी और फाफामऊ क्षेत्र में हालात बिगडे हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि शहर में मंगलवार को 25.08 मीलीमीटर बारिश हुई थी। उन्होंने कहा कि पूरे सप्ताह बारिश का क्रम जारी रहने का अनुमान है। बीच बीच में हल्की धूप भी निकल सकती है। आज सुबह से यहां हल्की बारिश हो रही है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार सुबह आठ बजे तक फाफामऊ में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। इस समय गंगा 86.05 मीटर था उसें बाद 12 बजे एक सेंटीमीटर घट कर 86.04 मीटर दर्ज किया गया था। शाम चार बजे उसमें एक सेंटीमीटर की और कमी देखी गयी। छातनाग में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक आठ सेंटीमीटर गंगा का जलस्तर बढ़ा है। सुबह आठ बजे गंगा 85.19 मीटर, 12 बजे 85.23 मीटर और शाम चार बजे 85.27 मीटर पर बह रही है।

उन्होंने बताया कि गंगा की तुलना में यमुना तेजी से बढ़ रही है। सुबह आठ बजे यमुना (नैनी) मे 85.73 मीटर पर बह रही थीं। दोपहर 12 बजे तीन सेंटीमीटर बढ़कर 85.76 मीटर हो गयी और शाम चार बजे 85.77मीटर दर्ज किया गया है।

जल पुलिस प्रभारी कड़ेदीन यादव ने बताया कि जल पुलिस,एसडीआरएफ और पीएसी के जवान और जिला प्रशासन की टीम लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से नाव के जरिए राहत केन्द्रों में राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। गोताखोर लगातार मोटरवोट से संगम से लेकर नागवासुकी तक भ्रमण कर रहे हैं।

वार्ता

epmty
epmty
Top