फिर हुआ मुंबई जैसा आतंकी हमला

वियना। ऑस्ट्रिया के वियना में 6 जगह हुए आतंकी हमले में समाचार भेजे जाने तक 7 लोगों के मारे जाने की खबर थी। हालांकि पुलिस की तरफ से 2 लोगों के मारे जाने की ही पुष्टि की गयी। वियना में कुछ हथियारबंद बंदूकधारियों ने छह जगहों पर गोलीबारी की है जिसमें पुलिस के अनुसार कम-से-कम दो लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हो गए हैं। ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेल्टियन क्रूज ने इसे एक आतंकवादी हमला बताया है और कहा है कि एक हमलावर मारा गया है।
इस हमले का एक वीडियो सामने आया है जो साल 2008 में हुए मुंबई हमले की याद दिलाता है। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्री कार्ल नेहमा ने बताया है कि अभी कम-से-कम एक और हमलावर की तलाश की जा रही है। गोलीबारी वियना के सेंट्रल सिनेगॉग (यहूदी उपासना स्थल) के पास हुई मगर ये स्पष्ट नहीं है कि हमले का निशाना यही जगह थी। वीडियो में नजर आ रहा है कि मुंबई की ही तरह आतंकी वियना में भी पब्लिक प्लेसेज को निशाना बनाकर हर सामने आने वाले शख्स पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहे थे। इस आतंकी हमले में एक हमलावर समेत कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है और 15 घायल जख्मी हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शी रब्बी स्क्लोमो होफमिस्टर ने बताया कि उन्होंने देखा कि सड़क पर बार के बाहर बैठे एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि हमारी इमारत के बाहर कम से कम 100 गोलियां चलाई गई हैं। यहूदी समुदाय के एक नेता ऑस्कर ड्यूश ने ट्वीट किया कि हमला स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे हुआ जब सिनेगॉग बंद था। ऑस्ट्रियाई मीडिया में बताया गया है कि सिनेगॉग की सुरक्षा कर रहा एक पुलिसकर्मी हमले में घायल हो गया। अभी ये स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी में कितने हमलावर शामिल थे।