सबसे पावरफुल पासपोर्ट जापान का

जापान। दुनिया घूमना भी कोई जंग जीतने से कम नहीं होता। इसके लिए आपको टिकट और होटल तो आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन सबसे मुश्किल होता है वीजा लेना। अमेरिका और इंग्लैंड का वीजा लेना अपने आप में टेडी खीर ही साबित होता रहा है लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया के सभी सख्त और नरम स्वभाव के देशों में एक देश के नागरिकों को बेरोकटोक एंट्री मिलती है। हैनले पासपोर्ट इंडेक्स के मुताबिक इस साल सबसे पावरफुल पासपोर्ट जापान का है।
हैनले पासपोर्ट इंडेक्स में किसी पासपोर्ट से कितने देशों में वीजा फ्री एंट्री या वीजा ऑन अराइवल मिलता है, इस आधार पर यह रैंकिंग की जाती है। जापान के पासपोर्टधारकों के लिए दुनिया के सबसे ज्यादा देशों के दरवाजे खुले हुए हैं। अगर जापान का पासपोर्ट है तो दुनिया के करीब 191 देश आपको वीजा फ्री एंट्री या वीजा ऑन अराइवल एंट्री देते हैं। इस लिस्ट में एशिया का दबदबा है। सिंगापुर 190 के स्कोर के साथ दूसरे नंबर पर है तो दक्षिण कोरिया और जर्मनी 189 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर काबिज हैं। यूरोपीय देशों ने शीर्ष 10 में अच्छी खासी जगह बनाई है। फिनलैंड और स्पेन नंबर चार पर हैं, लग्जमबर्ग और डेनमार्क पांचवें स्थान पर और स्वीडन और फ्रांस 6वें स्थान पर हैं। हालांकि, अमेरिका और यूके की रैंकिंग में गिरावट है। दोनों संयुक्त रूप से 8वें स्थान पर हैं जबकि पांच साल पहले 2015 में ये देश नंबर वन पर थे। ब्रेग्जिट को लेकर बनी आशंका इसकी एक बड़ी वजह है। वहीं बात करें भारत की तो भारत की भी पासपोर्ट रैंकिंग में 2 स्थान की गिरावट है। 2020 की रैकिंग में भारत 84वें स्थान पर आ गया है। आयरलैंड सातवें स्थान पर हैं। पिछले एक दशक में सबसे लंबी छलांग यूएई ने लगाई है। यूएई 18 स्थानों की छलांग लगाते हुए 18वें स्थान पर पहुंच गया है। यूएई का स्कोर 171 है। जापान पासपोर्टधारक को अफगानिस्तान के मुकाबले 165 ज्यादा देशों में पहुंच हासिल है। अफगानिस्तान का पासपोर्ट दुनिया का सबसे कमजोर पासपोर्ट है। अफगानिस्तान के पासपोर्टधारी को सिर्फ 26 देशों के लिए ही वीजा फ्री या वीजा ऑन अराइवल एंट्री हासिल है।