धन संग्रह अभियान में बडे पैमाने पर मिला जनसहयोग

मुजफ्फरनगर। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए अपनी टोली के साथ धन संग्रह अभियान शुरू करते हुए घर-घर जाकर चंदा जुटाया। लोगों ने अभियान को अपना पूरा सहयोग देते हुए सामथ्र्य अनुसार चंदा दिया।

शनिवार को मन्दिर निर्माण में हाथ बढ़ाएं आओ प्रभु का घर सजाएं की भावना के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण हेतु निधि संग्रह महाअभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संजय गर्ग ने अपने टोली साथियों के साथ लक्ष्मीनगर के महावीर भाग विष्णू शाखा की अबुपुरा बस्ती में घर-घर जाकर दानदाताओं से सम्पर्क कर समर्पण राशि देने की अपील करते हुए श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ न्यास द्वारा जारी कूपन काटकर धन संग्रह किया। इस दौरान रामभक्तों ने अपनी स्वेच्छा से राम मन्दिर निर्माण में सहयोग राशि समर्पित की।

संग्रह अभियान टोली में भाजपा नेता विकास अग्रवाल, प्रदीप जैन, रेशू गर्ग, अनुभव सैनी, अमन सैनी, सचिन सैनी, आकाश अरोरा आदि रामभक्तों ने अपना सहयोग दिया।

गौरतलब है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए चंदा जुटाने का अभियान शुक्रवार से शुरू हो गया है। इसमें पांच लाख से ज्यादा गांवों में बारह करोड़ से भी अधिक परिवारों से संपर्क साधा जाएगा और उनसे चंदा मांगा जाएगा। चंदा जुटाने का अभियान 27 फरवरी तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिन्दू परिषद लोगों का समर्पण और सहयोग राशि लेगी। इस दौरान 10 रुपये, 100 रुपये और 1000 रुपये के कूपन होंगे। 2000 रुपए से ज्यादा सहयोग करने वाले दानदाताओं को रसीद दी जाएगी। इस चंदे के माध्यम से अयोध्या में भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कार्य संपन्न होगा।
