राम मंदिर भूमि पूजन ऐतिहासिक: अक्षय

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए नींव रखी। भूमि पूजन के बाद उन्होंने एक 40 किलोग्राम की चांदी की ईंट नींव के लिए डाली। इस औपचारिक भूमि पूजन के बाद बहुत जल्द अयोध्या में राम मंदिर तैयार होगा। इस पर तमाम नेताओं के साथ-साथ टीवी कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और देशवासियों को बधाई दी। इस पर बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने रिएक्शन दिया। अक्षय कुमार ने एक ट्वीट कर इसे ऐतिहासिक दिन बताया।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, इस साल दिवाली बहुत पहले ही आ गई। ऐतिहासिक दिन है। जय सिया राम उन्होंने अमेरिका के न्यूयॉर्क के टाइम स्क्वेयर में लगी बड़ी डिजिटल तस्वीर वाली एक खबर को भी शेयर किया। अक्षय कुमार ने ये ट्वीट पांच अगस्त की देर रात को किया। अक्षय के इस ट्वीट पर उनके फैंस और रामभक्तों ने प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने इस पर खुशी जताई। वहीं, कुछ यूजर्स ने उन बड़े स्टार्स पर निशाना साधा जिन्होंने इस पर कोई रिएक्शन नहीं दिया। (हिफी)