माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन कर पुलिस का..

मुजफ्फरनगर। केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 10 और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के 8 साल बेमिसाल पूरे होने के मौके पर नुमाइश ग्राउंड में आयोजित की जा रही तीन दिवसीय पुलिस प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने अवलोकन कर पुलिस के कार्यों की सराहना की और उनके मनोबल में उल्लेखनीय इजाफा किया।

बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने जिला मुख्यालय पहुंचकर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस द्वारा प्रदर्शित प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न जानकारियां प्राप्त की। इस दौरान मंत्री ने पुलिस कार्य प्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस कर्मियों का मनोबल भी बढ़ाया।

दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार के “सेवा, सुरक्षा और सुशासन” के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 25, 26 और 27 मार्च को एक भव्य तीन दिवसीय मेले का आयोजन नुमाईश ग्राउन्ड, मुजफ्फरनगर में किया जा रहा है, जिसमें आम जनमानस की सुविधा एवं सहायता हेतु सरकार की उपलब्धियों एवं शासन द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी जा रही है ताकि बिना किसी परेशानी व विलम्ब के योजनाओं का लाभ आम जनमानस को यथाशीघ्र प्राप्त हो सकें।

बुधवार को तीन दिवसीय मेले का अवलोकन करने नुमाइश ग्राउंड पर पहुंची मुख्य अतिथि गुलाब देवी (माध्यमिक शिक्षा मंत्री, स्वतंत्र प्रभार, उ0प्र0 सरकार) को सर्वप्रथम गार्द द्वारा सलामी दी गयी। तत्पश्चात पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह द्वारा नुमाइंश ग्राउंड में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा लगाये गये विभिन्न स्टॉल (मिशन शक्ति, साइबर अपराधों की रोकथाम, यूपी-112 का बेहतर उपयोग, फायर सर्विस द्वारा आग से सुरक्षा के प्रति जागरुकता, यातायात व्यवस्था/जागरुकता, दंगा नियंत्रण वाहन/उपकरणों, कंट्रोल रुम, श्वान दल, सीसीटीएनएस, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, जिला कारागार, शस्त्र, नवीनतम तीन कानून) के विषय में मुख्य अतिथि को विस्तृत जानकारी दी गयी।
मुख्य अतिथि मंत्री गुलाब देवी द्वारा सभी स्टॉल पर जाकर पुलिस की विभिन्न शाखाओं के विषय में जानकारी ली गयी तथा पुलिस कार्यप्रणाली की सराहना की गयी।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा नुमाइश ग्राउंड में स्टॉल लगाये गये, जिससे आम जनमानस को पुलिस की कार्यशैली के विषय में जानकारी हो सके तथा विभिन्न योजनाओं व पुलिस की सहायता का लाभ आम जनमानस को यथाशीघ्र प्राप्त हो सकें।

आयोजित प्रदर्शनी में जनपद की यूपी-112 पुलिस का स्टॉल लगाया गया है। यूपी-112 की सेवाओं से सम्बन्धित जानकारी का प्रचार प्रसार करते हुए प्रदर्शनी में आये हुये लोगों को पम्प्लेट/साहित्य वितरित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मिशन शक्ति स्टॉल में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनी में आने वाली छात्राओं व महिलाओं को केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों व कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।

इसी क्रम में साइबर क्राइम टीम द्वारा स्टॉल लगाकर साइबर अपराध की रोकथाम हेतु प्रचार प्रसार किया जा रहा है। जनपद के फायर सर्विस टीम के द्वारा प्रदर्शनी स्थल पर स्टॉल लगाकर अपने उपकरणों को प्रदर्शित किया तथा आम जनमानस को आग से सुरक्षा के प्रति जागरुक करते हुये बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
जनपद में स्थापित कम्पोजिट कंट्रोल रुम का स्टॉल भी नुमाइश ग्राउंड में लगाया गया इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस, तीन नवीन कानूनों के स्टाल लगाकर लोगों को नये कानूनों के विषय में जानकारी दी जा रही है।
साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला, स्वान दल, जिला कारागार के स्टाल भी लगाये गये है एवं मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा प्रयोग किये जाने वाले शस्त्रों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके अतिरिक्त दंगा नियंत्रण वाहन को भी प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में पीएसी बैंड द्वारा संगीतमय धुनों का वादन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन के नीति के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम के दौरान डिस्प्ले लगाकर ऑडियो व वीडियो के माध्यम से उ०प्र० पुलिस एवं मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा विगत वर्षों में किये गये महत्वपूर्ण कार्यों से जनता के लोगों को अवगत कराया जा रहा है।