CM ने राम मंदिर ट्रस्ट पर लगे आरोपों का लिया संज्ञान-तलब की रिपोर्ट

CM ने राम मंदिर ट्रस्ट पर लगे आरोपों का लिया संज्ञान-तलब की रिपोर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर श्री राम मंदिर निर्माण के लिए जमीन खरीद में लगे आरोपों का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। ट्रस्ट और जिला प्रशासन से सीएम ने तुरंत इस मामले में विस्तृत जानकारी देने के लिए कहा है।

गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा श्री राम मंदिर निर्माण के लिए खरीदी गई भूमि के लिए अधिक धनराशि देने के आरोपों के बाद ट्रस्ट पूरे देश में चर्चा के केंद्र में आ गया है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार किए जाने के आरोप लग रहे हैं। सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने भी इन आरोपों की जांच की मांग के लिए प्रदर्शन किया था। इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके कहा है कि करोड़ों लोगों ने आस्था और भक्ति के चलते भगवान के चरणों में चढ़ावा चढ़ाया। उस चंदे का दुरुपयोग किया जाना अधर्म है। पाप है और उनकी आस्था का अपमान है। इस मुद्दे को लेकर अब सियासी हमले और अधिक तेज हो गए हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी इस संबंध में तीखा हमला बोला है। देश के विपक्षी दलों ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर जनता का पैसा लुटाने और हिंदुओं की भावनाओं से विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। वही ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोमवार को कहा था कि आरोप लगाने वाले सियासी लोग हैं और वह सियासत से प्रेरित होकर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों से इंकार करते हुए कहा है कि हकीकत तो यह है कि यह जमीन बाजार दर से कम कीमत पर खरीदी गई है।

Next Story
epmty
epmty
Top