आप का दिल्ली मॉडल भाजपा के गुजरात मॉडल जैसा- प्रियंका

आप का दिल्ली मॉडल भाजपा के गुजरात मॉडल जैसा- प्रियंका

नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने पंजाब दौरे पर कोटकपूरा में आयोजित की गई रैली को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के दिल्ली मॉडल को लेकर अनेक तरह के सवाल उठाए और केजरीवाल के दिल्ली मॉडल की तुलना भारतीय जनता पार्टी के गुजरात मॉडल से की। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने कहा है कि आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भीतर से निकली है। दिल्ली में शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थाओं के नाम पर कुछ भी आम जनमानस को नहीं मिला है। राजनीतिक दलों और उनके नेताओं के बारे में मतदाताओं को सच्चाई जानना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

रविवार को पंजाब के दौरे पर पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कोटकपूरा में नवी सोच नवा पंजाब रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी शादी पंजाबी परिवार में हुई है और मेरे बच्चों के भीतर पंजाबी खून है। एक सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि मैं अपने भाई राहुल गांधी के लिए अपनी जान दे सकती हूं। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी भी मेरे लिए ठीक ऐसा ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा है कि सत्ता को लेकर संघर्ष भारतीय जनता पार्टी के भीतर है लेकिन कांग्रेस में नहीं। योगी जी एवं मोदी जी तथा अमित शाह के बीच अपने हितों को लेकर कभी भी टकराव हो सकता है। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर करारा प्रहार करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पंजाब में हमारी सरकार जरूर थी, लेकिन उसे राजधानी दिल्ली से संचालित किया जा रहा था और यह संचालन कांग्रेस की ओर से नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी की तरफ से हो रहा था। अब चुनाव में यह छिपा हुआ एजेंडा और गठबंधन आप सबके सामने आ गया है। चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाने के पीछे यही एक खास वजह है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने रैली के मंच से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने 100 दिन के कार्यकाल के भीतर अच्छा काम किया है। उन्होंने रैली के मंच से ऐलान किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को 1100 प्रतिमाह दिए जाएंग।े इसके बाद जय हिंद, जय पंजाब और सत श्री अकाल कहते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाषण का समापन किया।

Next Story
epmty
epmty
Top