भाजपा सरकार में निर्दोषों को प्रताड़ित कर रही है पुलिस- अखिलेश
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय निर्दोषों को प्रताड़ित कर उनकी जान ले रही है।
यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कि भाजपा सरकार में लोग सुरक्षित नहीं है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। हत्या, लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। अपराधी दिन दहाड़े हत्याएं कर रहे है। अपराधियों में पुलिस का डर नहीं है। सोमवार को सपा नेता इशरत अली की दिन दहाड़े बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। कासगंज में रिटायर्ड एडीएम राजेन्द्र प्रसाद कश्यप की हत्या हो गयी। गाजियाबाद में बदमाशों ने रूपये से भरा बैग लूट लिया। पूरे-प्रदेश में हर दिन अपराध की सैकड़ों घटनाएं हो रही है।
उन्होने कहा कि सरकार का कानून- व्यवस्था और पुलिस का अपराध पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। भाजपा सरकार में पुलिस से जनता का भरोसा उठ गया है। इस सरकार में पुलिस मदद के बजाय लूट रही है। कानपुर में डायल 112 पर मदद के लिए फोन मिलाने पर पहुंचे पुलिस वालों ने पीड़ित की ही पिटाई कर पैसे छीन लिए। इसी तरह से पुलिस में हिरासत में मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा सरकार में पुलिस रक्षक की जगह भक्षक बन गई है। अन्याय करने वाली भाजपा सरकार अब अपने अंतिम दौर में है। जनता भाजपा के अन्याय, उत्पीड़न को देख रही है।