नए साल के पहले दिन खौफनाक कांड- परिवार के 5 सदस्यों का मर्डर

नए साल के पहले दिन खौफनाक कांड- परिवार के 5 सदस्यों का मर्डर

लखनऊ। राजधानी के होटल में वर्ष- 2025 के पहले ही दिन युवक ने खौफनाक कांड को अंजाम देते हुए परिवार के पांच सदस्यों का मर्डर कर दिया। युवक ने अपनी मां और चार बहनों का कत्ल कर पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पांच लोगों के मर्डर के आरोपी युवक को अरेस्ट कर लिया है।

बुधवार को राजधानी लखनऊ के नाका इलाके में स्थित होटल शरणजीत में अपनी मां और चार बहनों के साथ रुके 24 वर्षीय अरशद ने साल के पहले दिन दिल दहलाने वाली घटना को अंजाम देते हुए अपनी मां और चार बहनों की धारदार ब्लेड से काट कर नृशंस हत्या कर दी।

राजधानी के होटल में एक साथ पांच लोगों के मर्डर की वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने 9 वर्षीय आलिया, 19 वर्षीय अल्शिया, 16 वर्षीय अक्सा, 18 वर्षीय रहमीन और बच्चों की मां अस्मा के शव अपने कब्जे में ले लिए।

पुलिस ने दौड़ धूप करते हुए पांच लोगों के मर्डर के आरोपी युवक अरशद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने पिता का नाम बदर बताया है और वह इस्लामनगर टेढ़ी बगिया कुबेरपुर आगरा का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह की वजह से आरोपी अरशद द्वारा पांच लोगों की हत्या किया जाना सामने आई है।

पुलिस द्वारा की गई जांच में पता चला है कि अरशद परिवार के सदस्यों के साथ 30 दिसंबर को होटल में आया था, यहां पर उसके भाई और पिता भी ठहरे हुए थे।

Next Story
epmty
epmty
Top