बर्थडे पार्टी में डांस के संग चलाई गोली- हर्ष फायरिंग में किशोरी जख्मी

बर्थडे पार्टी में डांस के संग चलाई गोली- हर्ष फायरिंग में किशोरी जख्मी

हरदोई। बच्चे की बर्थडे पार्टी के जश्न में डूबे युवक ने डीजे की धुन पर जोरदार नृत्य करते हुए जब हर्ष फायरिंग कर दी तो किशोरी के हाथ में गोली लगने से रंग में भंग पड़ गया। मौके पर पसरे सन्नाटे के बीच घायल हुई किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया। पुलिस अब हर्ष फायरिंग कर फरार हुए युवक को खोजती हुई घूम रही है।

दरअसल हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र के फतेहपुर गाजीपुर में मंगलवार की देर रात बच्चे के जन्मदिन की पार्टी की खुशी में खाने पीने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मनोरंजन के लिए डीजे की भी व्यवस्था की गई थी। पार्टी में आए लोग खाना खाने के बाद डीजे की धुन पर डांस करते हुए बच्चे को अपनी शुभकामनाओं से नवाज रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने डांस फ्लोर पर नृत्य करते हुए जब हर्ष फायरिंग की तो तमंचे से निकली गोली एक 16 वर्षीय किशोरी को घायल कर गई। किशोरी के घायल होते ही मौके पर बुरी तरह से सन्नाटा पसर गया। घायल हुई किशोरी को आनन-फानन में ले जाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद किशोरी को मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Next Story
epmty
epmty
Top