पुरुषों के समान ही महिलाओं के पास भी हैं अधिकारः सलोनी

पुरुषों के समान ही महिलाओं के पास भी हैं अधिकारः सलोनी

मुजफ्फरनगर। सिविल जज सीनियर डिवीज़न सलोनी रस्तौगी ने विधिक साक्षरता शिविर के दौरान बताया कि संविधान के अनुसार पुरुषों के समान ही महिलाओं के पास भी अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि यदि आर्थिक दिक्कत के कारण कोई महिला मुकदमे की पैरवी करने में असमर्थ है, तो उसे निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जायेगा।


सचिव/सिविल जज (सी.डि.) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर सलोनी रस्तोगी ने बताया कि राजीव शर्मा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन मे दीवानी न्यायालय परिसर में स्थित केन्द्रीय हाल में 'बालिकाओं के मौलिक व विधिक अधिकार' विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।


उन्होंने भारतीय संविधान में महिलाओं/बालिकाओं को प्राप्त मौलिक अधिकारों के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान में पुरषों के समान ही महिलाओें को भी अधिकार प्राप्त हैं। बालिकाओं के कल्याण व सुरक्षा के सम्बन्ध में अनेक अधिनियम बनाये गये हैं, जैसे भारतीय दण्ड संहिता की धारा 354, 354ए, 354बी, 354सी, 376, 376ए, 376बी, 376सी, 376डी, 498ए, 304बी, बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, यौन हिंसा से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012 आदि। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए आवश्यक है पारिवारिक, सामाजिक, राष्ट्रीय, सभी स्तरों पर प्रयास किया जाये।


उन्होंने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, आत्मरक्षा पर पूर्ण ध्यान दें। बालिकाओं को समय दें, जिससे वे भावनात्मक रूप से सशक्त हो तथा अपराध का शिकार न हो सकें। उन्होंने महिलाओं के सम्बन्ध में उत्तर प्रदेश राज्य द्वारा चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को कानून द्वारा अनेकों अधिकार दिये गये हैं, लेकिन जागरूकता की कमी है। महिलाओं को जागरूक करने का कार्य जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि कोई महिला मुकदमें की पैरवी आर्थिक स्थिति के कारण करने में असमर्थ है, तो उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में आवेदन देने पर निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जायेगा। शिविर में उपस्थित महिलाओं को कोविड-19 कोरोना वायरस के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। शिविर में मीनाक्षी शर्मा, पूजा शर्मा, अन्तिमा सिंह, बबली, ख्याति शर्मा, राबिया, धन प्रकाश आदि उपस्थित रहे।

Next Story
epmty
epmty
Top