कांग्रेस की किसान पंचायत में हो रहा है प्रियंका का इंतजार

मुजफ्फरनगर। कांग्रेस द्वारा बघरा में आयोजित की जा रही किसान महापंचायत में किसानों की भीड़ जुटने शुरू हो गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आने की इंतजार में बैठे किसान फिलहाल रागनी का मजा ले रहे हैं।
शनिवार को जनपद के ग्राम बघरा स्थित कल्याणकारी इंटर कॉलेज के मैदान पर नये कृषि कानूनों के विरोध में आहूत की गई कांग्रेस की किसान महापंचायत में जनपद व आसपास के क्षेत्रों के किसानों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। किसान महापंचायत स्थल पर किसानों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। आयोजकों द्वारा किसान महापंचायत को संबोधित करने आ रही प्रियंका गांधी वाड्रा के इंतजार में बैठे किसानों के मनोरंजन के लिए रागिनी का इंतजाम किया गया है। सभा मंच पर फिलहाल रागिनी गायक अपनी टीम के साथ जमे रहकर महापंचायत में आए किसानों का मनोरंजन कर रहे हैं।
उधर सुरक्षा की दृष्टि से किसान महापंचायत स्थल पर पुलिस की व्यापक व्यवस्था की गई है। किसान महापंचायत में किसी तरह का व्यवधान ना पड़े, इसके लिए पुलिस ने सभा स्थल के आसपास ड्रोन कैमरें के इंतजाम किए हैं। सभा स्थल के ऊपर आसमान में उड़ रहा ड्रोन लगातार महापंचायत स्थल की निगरानी कर रहा है।