गरीबों को निशाना बनाकर धर्मांतरण गिरोह चलाते दो गिरफ्तार

इस काम के लिए आरोपियों ने बाकायदा इस्लामिक दावा सेंटर के नाम से एक संगठन भी बनाया हुआ था।;

Update: 2021-06-21 08:43 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने राजधानी दिल्ली के जामियानगर इलाके में छापामार कार्रवाई करते हुए मूकबधिर लोगों के साथ महिलाओं का धर्मांतरण कराने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के ऊपर 1000 से भी अधिक हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण कराने का आरोप है। इस काम के लिए आरोपियों ने बाकायदा इस्लामिक दावा सेंटर के नाम से एक संगठन भी बनाया हुआ था।

सोमवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित किए गए संवाददाता सम्मेलन में एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि यूपी एटीएस ने रूपए, नौकरी और शादी कराने का लालच देकर धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक बड़ी कार्यवाही की है। एटीएस की टीम ने राजधानी दिल्ली के जामिया नगर में छापामार कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के दो सदस्य काजी जहांगीर आलम और मौहम्मद उमर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि हिंदुओं का धर्मांतरण गिरोह चलाने वाले यह दोनों सदस्य और इनके साथी अब तक लगभग 1000 से भी अधिक लोगों का धर्मांतरण कराते हुए उन्हें मुस्लिम बना चुके हैं। धर्मांतरण कराने के लिये इन्हें आईएसआई और विदेशी फंडिंग होती थी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी मौहम्मद उमर गौतम और मुफ्ती काजी जहांगीर दिल्ली के जामिया नगर इलाके के निवासी हैं। दोनों आरोपियों पर यूपी व अन्य प्रदेशों में भी धर्मांतरण कराने का आरोप है। यह लोग गरीब हिंदुओं को निशाना बनाते थे और अब तक 1000 से ज्यादा हिंदुओं का धर्मांतरण करा चुके हैं। यह दोनों ज्यादातर मूकबधिर और महिलाओं का धर्म परिवर्तन करवाते थे। उमर और उसके साथियों द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए कार्यालय का पता जे-2 जोगाबाई एक्सटेंशन जामिया नगर नई दिल्ली दिया गया है। इस काम के लिए बाकायदा एक संस्था भी बना रखी है। जिसको भारी विदेशी फंडिंग भी होती थी। यह लोग धर्मांतरण से संबंधित प्रमाण पत्र और विवाह के प्रमाण पत्र भी गैरकानूनी रूप से तैयार करवाते थे।

Tags:    

Similar News