अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को बदमाशों ने मारी गोली-मचा हड़कंप
अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को घर जाते समय बदमाशों ने गोली मार दी।;
गोंडा। अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को घर जाते समय बदमाशों ने गोली मार दी लहूलुहान हुए प्रदेश अध्यक्ष को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते घायल को राजधानी लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर दौड़ी पुलिस मामले की छानबीन करते हुए गोली मारकर भागे बदमाशों की तलाश में दौड़ धूप कर रही है।
अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमरपाल सिंह उर्फ नील ठाकुर बृहस्पतिवार की देर रात तकरीबन 11:00 बजे अपने विष्णुपुर बेरिया स्थित घर जा रहे थे, जैसे ही सोनी गुमटी क्रॉसिंग के पास उनकी कार पहुंची, उसी समय ओवरटेक करके आगे निकली गाड़ी में सवार बदमाशों ने रास्ता रोकते हुए नील ठाकुर की गाड़ी रुकवा ली, गाड़ी से उतारकर बदमाश नील ठाकुर के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने हथियार निकाला और प्रदेश अध्यक्ष को गोली मार दी।रात के सन्नाटे में गोली चलने की आवाज को सुनते ही दौड़े आसपास के लोगों को मौके पर आता देखकर मारपीट और गोली मारने वाले बदमाश अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस अवध सेना के प्रदेश अध्यक्ष को उठाकर बाबू ईश्वर शरण अस्पताल में ले गई, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद नील ठाकुर को गंभीर हालत के चलते राजधानी लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते विपक्षियों द्वारा नील ठाकुर के साथ मारपीट करने के बाद गोली मारी गई है। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया है कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। गोली लगने से घायल हुए प्रदेश अध्यक्ष की स्थिति अब खतरे से बाहर होना बताई गई है।