रणचंडी बनी महिला-शोहदे की सरेराह डंडे से ली जमकर खबर- भेजा जेल

पति और परिवार के अन्य लोग इस दौरान महिला के हाथों पिट रहे शोहदे को बचाने का प्रयास करते रहे।

Update: 2021-08-17 11:45 GMT

कानपुर। रोजाना की जाने वाली छेड़खानी से बुरी तरह से तंग आ चुकी महिला ने शोहदे की डंडे से जमकर खबर लेते हुए उसकी खूब पिटाई की। पति और परिवार के अन्य लोग इस दौरान महिला के हाथों पिट रहे शोहदे को बचाने का प्रयास करते रहे। लेकिन रणचंडी का रूप धारण कर चुकी महिला ने किसी की एक नहीं सुनी। पिटाई के बाद शोहदे को भीड़ द्वारा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने कहा है कि तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज करके शोहदे को जेल भेजा जाएगा।

दरअसल पनकी रतनपुर में रहने वाली महिला को इलाके का रहने वाला युवक कई दिनों से परेशान करते हुए उसके साथ छेड़खानी कर रहा था। पहले तो महिला उक्त युवक की हरकतों को नजरअंदाज करती रही। इसके बाद महिला ने उसे बुलाकर समझाया और कहा कि अगर अब मोहल्ले में दिखाई दिए तो खैर नहीं। इस दो टूक चेतावनी के बाद भी बेशर्मी का चोला ओढकर शोहदा मंगलवार की सवेरे मोहल्ले में पहुंच गया और महिला के बालकनी में आते ही उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। महिला ने घर में मौजूद पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद घर में रखा डंडा उठाकर महिला बाहर निकली और बाहर खडे शोहदे के ऊपर टूट पड़ी। इस दौरान महिला ने शोहदे की डंडों से जमकर पिटाई की। महिला को सड़क पर युवक को पिटता देख मोहल्ले के लोगों और पति ने शोहदे को बचाने का प्रयास किया। लेकिन रोजाना की छेड़छाड़ से तंग आ चुकी महिला ने किसी की एक नहीं सुनी। पिटाई करने के बाद शोहदे को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। थाना प्रभारी विमल तिवारी ने बताया है कि तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज करके आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। महिला पक्ष ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। मोहल्ले के लोगों ने बताया है कि इलाके में रहने वाला उक्त युवक एक दो बार नही बल्कि कई महिलाओं व लड़कियों से छेड़खानी कर चुका है। लोग हर बार गिडगिडाने पर उसे छोड़ देते हैं। इसके चलते उसके हौसले बढ़ते गए और अब वह कहीं भी किसी भी गली में घर के बाहर महिलाओं से छेड़खानी कर देता है।

Tags:    

Similar News