नदी में गिरा कंटेनर- एक की मौत
एक तेज रफ्तार कंटेनर कनहर नदी पर बने पूल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गया और इसके सवार सह चालक की मौत हो गई;
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के विंढमगंज क्षेत्र में हरियाणा से रांची जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर कनहर नदी पर बने पूल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गया और इसके सवार सह चालक की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि रविवार भोर विन्ढमगंज थाना क्षेत्र के कनहर नदी पुल पर हरियाणा से रांची जा रही कंटेनर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। जिसमें चालक राजन कुमार (26) निवासी एटा घायल हो गया वहीं एक अन्य चालक राजबहादुर (21) निवासी गोकुलपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुद्धी भेजवाया। घायल चालक ने बताया कि पुल पर स्टीयरिंग जाम होने से कंटेनर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई।
वार्ता