नदी से निकलकर मुआयना करने पहुंचे मगरमच्छ को देख कलेक्ट्रेट में मचा....

लेकिन मगरमच्छ अपने स्थान पर डटा रहा और वह टस से मस नहीं हुआ।

Update: 2024-07-07 07:11 GMT

पीलीभीत। रात भर बारिश का सिलसिला जारी रहने से उफनाये नदी नाले से निकलकर कलेक्ट्रेट में पहुंचे मगरमच्छ को देखते ही लोगों में खलबली मच गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू करते हुए मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नदी में छोड़ दिया है। कलेक्ट्रेट में मगरमच्छ की मौजूदगी से काफी समय तक लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

रविवार की सवेरे से ही पीलीभीत में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है, शनिवार की पूरी रात से हो रही झमाझम बारिश से इलाके के नदी और नाले पानी से लबालब होकर उफना गए हैं, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में जल भराव हो गया है।

बारिश के दौरान नदी से निकलकर बाहर आया मगरमच्छ कलेक्ट्रेट में पहुंच गया। मगरमच्छ को देखते ही लोगों में बुरी तरह से अफरा तफरी मच गई। यह घटना उस समय हुई जब रविवार होने की वजह से कलेक्ट्रेट के दफ्तर बंद थे। लेकिन वहां पर तैनात होमगार्ड ने जब मगरमच्छ को दिखा तो कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया। कलेक्ट्रेट परिसर में मगरमच्छ होने की सूचना से काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लेकिन मगरमच्छ अपने स्थान पर डटा रहा और वह टस से मस नहीं हुआ।

जानकारी मिलते ही अधिकारियों द्वारा वन विभाग को कलेक्ट्रेट में मगरमच्छ होने की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर शेर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और काफी देर की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया। बाद में उसे शहर से दूर ले जाकर नदी में छोड़ दिया गया है।

Tags:    

Similar News