भाजपा मीडिया प्रमुख संजय शर्मा को सोशल मीडिया प्रमुख का भी दायित्व
कमेटी को हरियाणा में देश के विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस के आयोजन का दायित्व सौंपा गया है।;
चंडीगढ़, हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख संजय शर्मा को पार्टी के सोशल मीडिया प्रमुख की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी मुख्यालय की ओर से आज यहां जारी की गई एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने डॉ शर्मा के पार्टी के लिए किये शानदार कार्यों के मद्देनजर उनके कद में इजाफा किया है। डॉ शर्मा ने धनखड़ का उन पर विश्वास व्यक्त करने के लिये आभार व्यक्त किया है। धनखड़ ने पार्टी संगठन में अन्य नियुक्तियां भी की हैं। संजय छोक्कर (समालखा) को प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य तथा डा. शर्मा के साथ गुरुग्राम से रामबीर भाटी को सोशल मीडिया विभाग का सह प्रमुख नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही एक भारत श्रेष्ठ भारत के कार्यक्रमों को लेकर कमेटी का गठन किया गया है। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा कमेटी के संयोजक होंगे जबकि गुरुग्राम से पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल, प्रदेश संयोजक पूर्वांचल प्रकोष्ठ सुजीत कुमार (हिसार), उत्तराखंड प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ओम प्रकाश भट्ठ (अम्बाला) को कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है। कमेटी को हरियाणा में देश के विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस के आयोजन का दायित्व सौंपा गया है। हरियाणा में देश के अन्य राज्यों के लोग भी रहते हैं। ऐसे में उनकी संस्कृति, त्योहारों को हरियाणा की जनता तक कार्यक्रमों के माध्यम से पहुंचाने का काम यह कमेटी करेगी, जिससे एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने का दायित्व कमेटी का रहेगा।