मोरबी में फिर हादसा- मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग का हिस्सा गिरा- 4 जख्मी

मौके पर काम कर रहे कई मजदूर गिरी बिल्डिंग के मलबे में फंस गए।

Update: 2024-03-09 06:25 GMT

नई दिल्ली। पुल गिरने के हादसे को लेकर चर्चित रहे मोरबी में एक बार फिर से हादसा हो गया है। अंडर कंस्ट्रक्शन मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग का एक हिस्सा गिरने से मौके पर मची अफरा तफरी के बीच मलबे में फंसे चार मजदूर जख्मी हो गए हैं। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में फंसे अन्य मजदूरों को बाहर निकाला घायल हुए मजदूर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।

गुजरात के मोरबी में अंडर कंस्ट्रक्शन मेडिकल कॉलेज की एक बिल्डिंग का हिस्सा शुक्रवार की देर शाम भरभराकर नीचे आ गिरा। मौके पर काम कर रहे कई मजदूर गिरी बिल्डिंग के मलबे में फंस गए।

मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने रेस्क्यू अभियान शुरू करते हुए मलबे को हटाकर उसके नीचे फंसे मजदूरों को निकलना शुरू कर दिया। शुक्रवार की देर रात तकरीबन 8:00 बजे हुए इस हादसे के अंतर्गत मलबे के नीचे दबे एक मजदूर को शनिवार की तड़के लगभग 3:00 बजे तक निकालकर अस्पताल भेजा गया।

गंभीर रूप से जख्मी हुए चार मजदूरों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक मजदूर फंसा रह गया था उसका पूरा शरीर मलबे में दबा था और उसका सिर्फ चेहरा दिखाई दे रहा था। मजदूर को रेस्क्यू कर शनिवार की सवेरे 3:00 बजे तक निकाला जा सका। हादसा होने से काफी समय तक मौके पर अफरा तफरी बनी रही।

Tags:    

Similar News