फतेहपुर सीकरी में फिर हादसा- अब स्पेनी महिला रैंप से नीचे गिरी
बुलंद दरवाजे के रॉयल गेट की रैम्प से नीचे उतरते समय स्पेन की एक महिला पर्यटक पैर फिसलने से हादसे का शिकार हो गई है।;
आगरा। फतेहपुर सीकरी में आज फिर एक नया हादसा हो गया है। बुलंद दरवाजे के रॉयल गेट की रैम्प से नीचे उतरते समय स्पेन की एक महिला पर्यटक पैर फिसलने से हादसे का शिकार हो गई है। पैर में फ्रैक्चर हुई महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 दिन पहले ही फ्रांस की महिला पर्यटक की रेलिंग से गिरकर मौत हो गई थी।
शनिवार को फतेहपुर सीकरी में घूमने के लिए आई स्पेन की एक महिला पर्यटक बुलंद दरवाजे के रॉयल गेट की रैम्प से नीचे उतरते समय पैर फिसलने से नीचे गिर गई। इस हादसे में महिला पर्यटक के पैर में फ्रैक्चर हो गया है।
महिला के गिरते ही वहां पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों में बुरी तरह से अफरा तफरी मच गई। महिला पर्यटक के साथ आए उसके सहयोगी आनन फानन में एक निजी वाहन की सहायता से महिला को उपचार के लिए अस्पताल में ले गए। जहां महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। महिला के पैर में फ्रैक्चर होना बताया गया है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही फतेहपुर सीकरी में घूमने के लिए आई फ्रांसीसी महिला पर्यटक की रेलिंग से नीचे गिरकर मौत हो गई थी।