राहुल को गाली देना ही है लंगड़ी भाजपा सरकार का एकमात्र कामः MLA

उन्होंने कहा है कि 2019 में अकारण ही,बदले की भावना से उनकी यह सुरक्षा हटा दी गई थी।

Update: 2024-09-19 16:08 GMT

शिमला। कांग्रेस के प्रवक्ता व ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अलगाववादी बयानबाजी पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री राहुल गांधी व उनके परिवार सोनिया गांधी एवं प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा बहाल करने की मांग केंद्र से की है। उन्होंने कहा है कि 2019 में अकारण ही,बदले की भावना से उनकी यह सुरक्षा हटा दी गई थी।

विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कांग्रेस के पूर्व नेता व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, जो अब भाजपा में शामिल हो गए हैं, की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि आज जिस प्रकार से वह राहुल गांधी व उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहें हैं उससे साफ है कि उनके और भाजपा के बीच कोई डील हुई है। उन्होंने कहा कि श्री बिट्टू अपना चुनाव हारने के बाद भी उन्हें भाजपा ने अपने केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि जब श्री बिट्टू कांग्रेस में थे तो भाजपा को पानी पी-पी कर कोसते थे आज जब वह भाजपा में शामिल हो गए हैं तो वह कांग्रेस और गांधी परिवार को कोसने में लगें है।

विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने गुरुवार को बिट्टू पर ताबड़तोड़ जुबानी हमला करते हुए कहा कि जिसे वह आंतकवादी कह रहे हैं उसके परिवार ने आतंकवाद का सबसे बड़ा दंश झेला है। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी व पिता राहुल गांधी को खोया है। उन्होंने उनसे पूछा कि वह बताएं कि भाजपा सांसद कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर दिए गए उनके बयान जिसमें उन्होंने किसानों को आंतकवादी व बलात्कारी कहा है उस पर उनका क्या स्टैंड है। उन्होंने कहा कि श्री बिट्टू को साफ करना चाहिए कि वह किसानों के साथ है या कंगना के साथ। उन्होंने कहा कि श्री बिट्टू कभी भी किसी के हितेषी नही हो सकते। उन्होंने श्री राहुल गांधी का ही नही अपने स्वर्गीय दादा बेअंत सिंह का भी अपमान किया है जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व तत्कालीन पंजाब के मुख्यमंत्री थे।

विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने राहुल गांधी पर अपमानजनक बयानों के लिए उत्तरप्रदेश के मंत्री रघुराज सिंह,मध्यप्रदेश के मंत्री संजय गायकवाड़ व अन्य भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए सरकार से इनकी अलगाववादी बयानबाजी के लिये कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी भाजपा के इन नेताओं की बयानबाजी के लिये देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हिसंक बयानबाजी बहुत ही चिंता की बात है इसलिए उनकी व उनके परिवार सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा तुरंत बहाल की जानी चाहिए।

वार्ता

Similar News