हस्तिनापुर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुरू किया रोड शो-उमड़ी भीड़

प्रत्याशी के समर्थन में डोर टू डोर मतदाताओं से जनसंपर्क करते हुए अपनी पार्टी के लिए वोट मांगेगी;

Update: 2022-02-08 08:32 GMT
हस्तिनापुर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुरू किया रोड शो-उमड़ी भीड़
  • whatsapp icon

मेरठ। उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव में अपने उम्मीदवारों को मजबूती के साथ चुनाव लड़ा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने हस्तिनापुर पहुंचकर मवाना में रोड शो निकालना शुरू कर दिया है। इसके बाद वह पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में डोर टू डोर मतदाताओं से जनसंपर्क करते हुए अपनी पार्टी के लिए वोट मांगेगी।


मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा जनपद मेरठ के हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ हस्तिनापुर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा फिलहाल मवाना कस्बे में पार्टी प्रत्याशी मॉडल एवं अभिनेत्री अर्चना गौतम के समर्थन में रोड शो निकालकर मतदाताओं से जनसंपर्क कर रही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के हस्तिनापुर पहुंचने से मेरठ जनपद की सभी विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशियों का उत्साह एवं मनोबल बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के प्रचार के अंतिम दिन मवाना पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो निकालते हुए मतदाताओं से जनसंपर्क किया। रोड शो में प्रियंका गांधी वाड्रा को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कांग्रेस नेता का स्वागत किया जा रहा है। इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा का हेलीकॉप्टर हस्तिनापुर जंबू दीप स्थल पर बने हेलीपैड पर उतरा। जहां पार्टी के मुख्य लोगों द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा एवं सचिन पायलट ने जैन साध्वी ज्ञानमती माताजी का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। माताजी ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि उनके पडनाना प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, पिता राजीव गांधी एवं दादी इंदिरा गांधी का हस्तिनापुर से विशेष लगाव था। हस्तिनापुर को पुनः बसाने के लिए इसकी नींव पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने ही रखी थी।





Tags:    

Similar News