मुख्यमंत्री को दिल्ली से आया बुलावा- अब लग रहे बदलाव के कयास

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में तेजी के साथ खलबली मच गई है;

Update: 2022-08-30 15:05 GMT

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा से मुलाकात करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री राजधानी पहुंच रहे हैं। पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का राज्य का दौरा, फिर गृह मंत्री अमित शाह का दौरा और उसके बाद सीएम को संसदीय बोर्ड से बाहर किए जाने के बाद दिल्ली बुलाए जाने से राज्य में बदलाव की आहट महसूस की जाने लगी है।

मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हाईकमान के बुलावे पर राजधानी दिल्ली पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में तेजी के साथ खलबली मच गई है। सीएम के राजधानी दौरे को लेकर राजनीति के जानकार अपने-अपने मतलब निकाल रहे हैं। क्योंकि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्य प्रदेश का दौरा किया था। फिर गृह मंत्री अमित शाह भी मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को भाजपा के संसदीय बोर्ड से बाहर कर दिया गया।

इस तमाम घटनाक्रम के बाद अब मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा बुलाए जाने को लेकर माना जा रहा है कि आगामी 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Tags:    

Similar News