Watch Video~श्रीकृष्ण रथ के चित्र का अनावरण और "सदन संदेश" का विमोचन
भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर अर्जुन को भगवद गीता का दिव्य संदेश दिया था।;
चंडीगढ़ । हरियाणा विधानसभा आज उस समय ऐतिहासिक पलों की गवाह बनी जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के रथ और श्रीमद्भगवद गीता के चित्र का अनावरण तथा विधानसभा की मासिक पत्रिका 'सदन संदेश' के पहले संस्करण का भी विमाेचन किया।
हरियाणा को गीता की भूमि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर अर्जुन को भगवद गीता का दिव्य संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा और देश के अन्य हिस्सों से लोग विधानसभा सत्र के दौरान सम्मानित सदन की कार्यवाही देखने के लिए विधानसभा गैलरी आते हैं और विधानसभा परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के रथ और श्रीमद्भगवद गीता का चित्र देखकर वे निश्चित रूप से राज्य की गौरवपूर्ण संस्कृति से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि विश्व में श्रीमद्भवद गीता के प्रचार के उद्देश्य से वर्तमान राज्य सरकार वर्ष 2016 से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित कर रही है। इसी श्रृंखला में गत वर्ष फरवरी में मॉरीशस और अगस्त में ब्रिटेन में भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भी इसी तरह का आयोजन होना था जिसे कोविड-19 महामारी के कारण टालना पड़ा। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोग अपने देशों में गीता महोत्सव के आयोजन के लिए खासे उत्साहित हैं।
मोहनलाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा विधानसभा की मासिक पत्रिका 'सदन संदेश' से हरियाणा विधानसभा की कार्य-प्रणाली और इसकी अन्य गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।