सिविल बार संघ के सदस्यों ने शपथ लेकर संभाला दायित्व

महिला अधिवक्ताओं के लिए एक काॅमन रूम और पुरूष अधिवक्ताओं के लिए भी एक हाॅल की व्यवस्था करायी जायेगी।;

Update: 2021-01-01 13:15 GMT

मुजफ्फरनगर। सिविल बार संघ के राष्ट्रीय सभागार में वर्ष 2021 के लिए निर्वाचित नई कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शपथ ग्रहण की और इसके साथ ही उन्होंने अपने दायित्वों को सम्भाल लिया। 


राष्ट्रीय सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का संचालन करते हुए नवनिर्वाचित महासचिव बिजेंद्र सिंह ने चुने गये सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों को नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 2021 में कार्यकारिणी की प्राथमिकता रहेगी कि प्रभावी बीमा योजना लागू की जाये। साथ ही सिविल बार परिसर में ई-लायब्रेरी की व्यवस्था हो, ताकि देश के सभी भागों से दिये जाने वाले निर्णय और जनरल उसमें उपलब्ध हों। आवश्यकता पड़ने पर अधिवक्ताओं को इसकी प्रति रियायती दरों पर उपलब्ध हो सके।

इसके साथ ही महिला अधिवक्ताओं के लिए एक काॅमन रूम और पुरूष अधिवक्ताओं के लिए भी एक हाॅल की व्यवस्था करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि सिविल बार के सदस्यों में काम की अधिकता के कारण कम्यूनिकेशन गैप बन गया है, जिसे समाप्त करने के लिए हाॅल की व्यवस्था कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि इस नये वर्ष में अधिक से अधिक कार्य दिवस आयोजित करने का प्रयास होगा, ताकि आने वाले नये वकीलों के सामने भी रोजी-रोटी की समस्या न रहे।


अध्यक्ष सुगन्ध जैन ने चुनावों के लिए एल्डर्स कमैटी के साथ-साथ चुनाव अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। शपथ ग्रहण समारोह में सिविल बार संघ के सदस्यों के अलावा जिला बार संघ के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी मुख्य चुनाव अधिकारी जैगम मियां जैदी, एल्डर्स कमैटी के बीएस महेश, वागीश स्वरूप एडवोकेट, आंचल अग्रवाल एडवोकेट, राकेश शर्मा, श्यामाचरण पंवार, हरिओम गोयल, सुनीता रानी आदि मौजूद रहे।

रिपोर्टः प्रवीण गर्ग



 


Tags:    

Similar News