मां-बेटे की करतूत, भगवान का घर ही बेच दिया

मां-बेटे की करतूत, भगवान का घर ही बेच दिया

हरिद्वार। उत्तराखंड में हरिद्वार के हरकी पैड़ी पर स्थित एक मंदिर और ट्रस्ट की अन्य संपत्ति को मां और बेटे द्वारा धोखाधड़ी कर बेच देने का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस ने ट्रस्ट के सचिव की शिकायत पर मां और बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक दुर्गा नगर भूपतवाला हरिद्वार निवासी विशाल शर्मा ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि कौरा देवी पत्नी स्व. रघुवंशपुरी ने अपनी वसीयत कर दिनांक 11 सितंबर वर्ष 1980 में महंत रघुवंशपुरी कौरा देवी ट्रस्ट बनाया था। जो वर्तमान में सुचारु रुप से काम कर रहा है। और वह इस ट्रस्ट के सचिव हैं।


आरोप है कि मोहित पुरी और उसकी माता पुष्पा पुरी पत्नी रामपुरी उर्फ प्रसन्न कुमार ने ट्रस्ट के स्वामित वाले हरकी पैड़ी हरिद्वार स्थित मंदिर और ट्रस्ट की अन्य संपत्ति को कौरा देवी का वारिस बताते हुए फर्जी तरीके से बेच दी। जबकि कौरा देवी की 20 नवंबर वर्ष 1978 की पंजीकृत निरस्तीकरण में यह स्पष्ट लिखा हुआ है कि रामपुरी उर्फ प्रसन्न कुमार या उसके किसी भी उत्तराधिकारी का कौरा देवी की संपत्ति पर कोई वास्ता नहीं रहेगा। इसकी जानकारी मोहित पुरी और उनकी माता पुष्पा पुरी को थी।


आरोप लगाया कि उसके बावजूद भी इन लोगों ने ट्रस्ट की संपत्तियों को धोखाधड़ी करते हुए फर्जी तरीके से बेच दिया। विशाल शर्मा ने बताया कि लाखों रुपये में मंदिरों को बेचा गया है। मंदिर हरकी पैड़ी पर है। इसी साल 17 जनवरी को ट्रस्ट के सचिव विशाल शर्मा ने इसकी जानकारी मोहित पुरी को दी। आरोप लगाया कि उसके साथ गाली गालौच करते हुए मोहित ने जान से मारने की धमकी दी। इसबीच कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

वार्ता





epmty
epmty
Top