भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र सर्वोपरि: CM

भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र सर्वोपरि: CM

देहरादून। उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रानीपोखरी, माजरीग्रांट और बालावाला मंडल प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पार्टी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और उसके बाद पार्टी।

रानीपोखरी मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रशिक्षण भाजपा की कार्यपद्धति का हिस्सा रहा है। पार्टी अपने राजनैतिक चरित्र को ध्यान में रखते हुए कार्य करती है। भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद पार्टी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण में यही अनुशासन सिखाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, सामर्थ्य और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस (कोविड-19) पर नियंत्रण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो प्रयास किए, उसकी दुनिया ने सराहना की। कोविड-19 के शुरुआती दौर में उन्होंने जान है तो जहान है के मंत्र के साथ लाॅकडाउन किया। उसके बाद जान भी है और जहान भी के मंत्र के साथ पूरी सतर्कता के साथ आर्थिक गतिविधियां दुबारा शुरू की। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्होंने 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में देश कोविड पर तेजी से नियंत्रण पा रहा है। नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान को देशवासियों ने आत्मसात किया है। आत्मनिर्भर भारत के लिए इस दिशा में हमें तेजी से आगे बढ़ना होगा।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने दुनिया में भारत को एक अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। देशवासियों ने नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर वो कार्य किए हैं, जो भारत की मजबूती में सहायक सिद्ध रहे हैं। कोरोना काल में समाज के हर वर्ग ने अपना सहयोग दिया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान लोगों की हर संभव सहायता के प्रयास किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया। भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की। कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए ई-ऑफिस की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सीएम डेस्बोर्ड के माध्यम से जन शिकायतों का समाधान तेजी से किया जा रहा है। पुलिस के लिए तीन करोड़ रुपए की थाना निधि दी। राज्य में शुरुआती 17 सालों में 40 हजार करोड़ का निवेश हुआ।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इन्वेस्टर सम्मिट के दौरान राज्य में एक लाख 25 हजार करोड़ के समझौते हुए। पिछले तीन सालों में 25 हजार करोड़ रुपए के कार्यों की ग्राउंडिंग हो चुकी है। स्थानीय स्तर पर लोगो को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए सीएम स्वरोजगार योजना शुरू की गई है। इसमें 150 तरह के कार्य किए जा सकते हैं। राज्य में सौर स्वरोजगार योजना, पिरुल नीति, ग्रोथ सेंटर लोगों की आर्थिकी में सुधार के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हमें अपने स्थानीय उत्पादों के बेतर इस्तेमाल दिशा में कार्य करने होंगे। प्रकृति ने हमें वरदान स्वरूप बहुत कुछ दिया है। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, रानीपोखरी के मण्डल अध्यक्ष राजेंद्र मनवाल, महामंत्री प्रेम पुंडीर व भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

epmty
epmty
Top