हरिद्वार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सेवा सदन बनाया जाएगा : धामी

हरिद्वार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सेवा सदन बनाया जाएगा : धामी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून नगर निगम स्थित टाऊन हॉल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उनके उत्तराधिकारियों के प्रांतीय सम्मेलन तथा श्रद्धांजलि सभा में कई घोषणाएं कीं और कहा कि हरिद्वार में स्वतंत्रता सेनानी सेवा सदन बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को दी जाने वाली कुटुंब पेंशन का नाम बदलकर सम्मान पेंशन किया जाएगा। साथ ही, हरिद्वार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सेवा सदन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लंबे संघर्षों के परिणामस्वरूप भारत को आजादी मिली। देश की आजादी के लिए हमारे इन वीरों ने अपना सब कुछ समर्पित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 09 अगस्त, 1942 की घटना भारत के इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना घटित हुई थी। उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति की शुरुआत 09 अगस्त 1942 को हुई थी। भारत की आजादी में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आज भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेनानियों के आश्रितों को सरकार द्वारा हर संभव सहायता देने का प्रयास किया जाएगा, जिन उद्देश्यों के लिए देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी गई, आज उन उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। कुपोषण मुक्त भारत की दिशा में देश आगे बढ़ा है।

इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान, मेयर सुनील उनियाल गामा, अशोक वर्मा, मथुरा दत्त जोशी, भारत भूषण विद्यालंकर, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति से जितेन्द्र रघुवंशी, संतोष गोविल, राजकुमार अग्रवाल, शशांक गुप्ता, अवधेश पंत उपस्थित थे।


वार्ता

epmty
epmty
Top